• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • ग्वालियर

ग्वालियर अग्निकांड: सीएसडी कैंटीन के इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग, 10 करोड़ का सामान खाक; सेना और एयरफोर्स ने संभाला मोर्चा

आग इतनी विकराल थी कि शहर के हर कोने से लपटें नजर आईं। ऐसे में लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर शहर के एक हिस्से में ऐसी क्या घटना हो गई। ...और पढ़ें

By Priyank SharmaEdited By: Rajdil Shivhare
Publish Date: Sun, 26 Jul 2026 08:59:11 AM (IST)Updated Date: Sun, 26 Jul 2026 09:01:10 AM (IST)
ग्वालियर अग्निकांड: सीएसडी कैंटीन के इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग, 10 करोड़ का सामान खाक; सेना और एयरफोर्स ने संभाला मोर्चा
सीएसडी कैन्टीन के इलेक्ट्रानिक सप्लायर के गोदाम में लगी भीषण आग को बुझाने में जुटे सेना के जवान और फायर ब्रिगेड कर्मचारी। नईदुनिया

HighLights

  1. शॉर्ट सर्किट से भड़की विकराल आग
  2. 100 से ज्यादा पानी के टैंकरों का इस्तेमाल
  3. कलेक्टर रुचिका चौहान ने लिया जायजा

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरार के बंशीपुरा स्थित एक इलेक्ट्रानिक उपकरणों से भरे गोदाम में शनिवार की शाम अचानक आग लग गई। इस गोदाम से मुरार आर्मी एरिया के कैंटीन में भी उपकरणों की आपूर्ति की जाती है। आग लगने की सूचना पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड के साथ ही सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाला और आग बुझाने का काम शुरू किया।

आग इतनी विकराल थी कि शहर के हर कोने से लपटें नजर आईं। ऐसे में लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर शहर के एक हिस्से में ऐसी क्या घटना हो गई। आग को बुझाने के लिए बानमोर, मुरैना, भिंड के साथ ही एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची।


बार-बार भड़क रही थी आग

देर शाम तक लगभग 100 से अधिक गाड़ी पानी फेंककर आग को काबू में करने का प्रयास किया गया, लेकिन आग बार-बार भड़क रही थी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया। इसके अलावा पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया। आग लगने का प्राथमिक कारण शार्ट सर्किट ही माना जा रहा है।

शाम 4 बजे अचानक गोदाम से आगे की लपटें उठी

जानकारी के मुताबिक इलेक्ट्रानिक कारोबारी प्रदीप गुप्ता व उनके पार्टनरों परमानंद श्रीवास, अमित अग्रवाल आदि के मुरार के बंशीपुरा स्थित छावनी क्षेत्र में एक बीघा जमीन पर इलेक्ट्रानिक्स उपकरणों, फर्नीचर आदि के गोदाम हैं। इसके अलावा समृद्धि इलेक्ट्रानिक्स के नाम से व्यापार भी है। इस परिसर में पांच टीन शेडों के अंदर उपकरण, फर्नीचर आदि रखे हुए थे। शनिवार की शाम लगभग चार बजे अचानक ही गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। धीरे-धीरे इस आग ने अन्य शेडों को भी चपेट में ले लिया। आग के चलते जब गाढ़ा-काला धुआं निकलने लगा, तो सेना के जवान सहित आसपास के लोग सक्रिय हुए और फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई।

मशक्कत के बाद भी आग नहीं बुझी तो एयरफोर्स काे बुलाया

फायर ब्रिगेड का अमला मौके पर पहुंचा और पानी फेंकना शुरू किया, तो पता चला कि टीन शेड होने के कारण अंदर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में बैकहो लोडर मशीन मंगाकर शेड तोड़ा गया, तो आग की भयानक लपटें बाहर निकलीं। इसके बाद ठीक से बचाव कार्य शुरू हो सका। पहले ग्वालियर नगर निगम की 11 फायर ब्रिगेड गाड़ियों और 10 फायर टैंकरों के जरिए पानी फेंका गया। इसके बाद सेना के फायर टैंकर भी मौके पर पहुंच गए। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद भी आग नहीं बुझी, तो बानमोर, मुरैना, भिंड के साथ ही एयरफोर्स की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया।

इस दौरान लगभग 100 से अधिक गाड़ी पानी और 600 लीटर फोम फेंककर आग को बुझाने का प्रयास किया और साढ़े चार घंटे की कवायद के बाद भी सिर्फ 70 प्रतिशत आग ही बुझ सकी। देर रात तक बचाव कार्य जारी रखा गया। इस अग्नि दुर्घटना के कारण लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया।

naidunia_image

आग से जले एयर कंडीशन और घटना स्थल का निरीक्षण करतीं कलेक्टर रुचिका चौहान। नईदुनिया

देर रात तक धधकती रही आग

इलेक्ट्रानिक उपकरण होने के कारण गोदाम में लगी आग बार-बार धधकती रही। इसका कारण है कि इलेक्ट्रानिक उपकरणों में प्लास्टिक, धातु, कंप्रेसर गैस के साथ ही पैकेजिंग का सामान भी मौजूद था। एक फायर ब्रिगेड का अमला एक हिस्से में आग बुझाता था और दूसरी तरफ रुख करता, तो फिर से पहले गोदाम से आग की लपटें उठ जातीं। इसके चलते बचाव कार्य में खासी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक फायर ब्रिगेड के अमले ने राहत कार्य जारी रखा और आग को ठंडा रखने का प्रयास किया।

किराए पर जमीन लेकर शुरू किया था गोदाम

प्रदीप गुप्ता ने मुरार निवासी नरेश खंडेलवाल से किराए पर जमीन लेकर ये गोदाम तैयार कराए थे। चूंकि उनके पास सेना के कैंटीन में भी इलेक्ट्रानिक उपकरणों की आपूर्ति का ठेका है, ऐसे में यहीं से कैंटीनों में भी सामान भेजा जाता था। इसके अलावा कुछ ही दूरी पर मौजूद बाबा इलेक्ट्रानिक्स नाम से सिविल एरिया में भी सेल की जाती थी। आग की घटना के बाद प्रदीप गुप्ता सदमे की स्थिति में थे। ऐसे में यह भी पता नहीं चल सका है कि उन्होंने इस गोदाम का कोई इंश्योरेंस भी करा रखा था या नहीं।

शहर में अभी तक आग लगने की प्रमुख घटनाएं

  • चार जून 2010 को महाराज बाड़े स्थित विक्टोरिया मार्केट में आग लगने से 147 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं।
  • 13 जून 2015 को मुरार के एक मकान में आग लग गई थी, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
  • 17 मार्च 2016 आनंद नगर में बंसल फोम के गोदाम में लगी थी आग।
  • 21 मार्च 2019 को कांचमिल गत्ता फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया।
  • 11 मई 2019 को टोपी बाजार स्थित दुकान में आग आग लगी।
  • सात अप्रैल 2019 को दानाओली नोवल्टी गिफ्ट सेंटर में आग लगने से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।
  • 15 अक्टूबर 2019 को पुरानी छावनी प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी।
  • 11 मार्च 2020 को मोची ओली में लगी आग से वृद्ध दंपति की मौत हो गई थी।
  • 18 मई 2020 को रोशनीघर मार्ग पर गोयल पेंट हाउस में आग से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
  • 25 अगस्त 2022 को सराफा बाजार में स्थित राधाकृष्ण मार्केट में आग लगी थी।
  • 24 सितंबर 2022 को कांचमिल की जूता फैक्ट्री में आग लगी थी, जहां कर्मचरियों ने कूद कर अपनी जान बचाई।
  • 30 जनवरी को ग्वालियर व्यापार मेले में दुकानों में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ था।