
Gwalior firing News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। महाराजपुरा इलाके में एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली उसके जबड़े को चीरकर निकल गई। उसे गंभीर हालत में पहले बिड़ला अस्पताल ले गए। यहां से उसे जेएएच रेफर किया गया, लेकिन उसके स्वजन उसे सहारा हास्पिटल ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसकी पत्नी ने करीब एक माह पहले एक मंदिर के पुजारी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था।
इसी के बाद से वह डिप्रेशन में चल रहा था। उसने दो दिन पहले अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदित्यपुरम में संधू गार्डन के पीछे रहने वाले 36 वर्षीय युवक ने गुरुवार रात को अपने घर में लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर स्वजन दौड़े। वह लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उसे गंभीर हालत में स्वजन अस्पताल ले गए। उसका सहारा अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि भूपेंद्र रिटायर्ड फौजी है। उसकी पत्नी के साथ गजेंद्र कटारे ने दुष्कर्म किया था। गजेंद्र कटारे मंदिर का पुजारी था, जहां महिला पूजा करने के लिए जाती थी। इसी दौरान उसने परेशानियां दूर करने का झांसा देकर फंसाया और महिला के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में एफआइआर दर्ज की गई थी। इस घटना के बाद से रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा होता था। वह इस घटना से डिप्रेशन में रहने लगा था। इसी के चलते उसने दो दिन पहले पत्नी के साथ मारपीट की थी। दोपहर में भी उसका झगड़ा हुआ। इसी के चलते उसने खुद को गोली मार ली। खबर लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।