
Gwalior Health News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। किसी वजह से अगर आपके हाथ-पांव की हड्डी टूट गई है और एक हजार बिस्तर अस्पताल में इलाज कराना चाहते हैं, तो आपरेशन के लिए पांच से दस दिन इंतजार करना पड़ेगा। अस्थि रोग विभाग में भर्ती मरीजों से बातचीत करने के बाद यह बात सामने आई। अंचल के सबसे बड़े जयारोग्य अस्पताल में हड्डी रोग के तेरह विशेषज्ञ हैं। फिर भी कई मरीज आपरेशन के इंतजार में है। आपरेशन नहीं होने के मरीजों को कई कारण बताए जाते हैं। इससे हाथ पांव टूटने पर अस्पताल पहुंचे लोग न चाहकर भी आपरेशन के लिए अस्थि रोग विभाग के वार्ड में पड़े रहते हैं। स्थिति यह है कि अस्थि वार्ड में मरीज आपरेशन की राह ताक रहा है। अस्थि रोग विभाग की यूनिट में रोज मरीजों के आपरेशन नंबर से जरूर होते हैं। इसके बाद भी वेटिंग की लाइन है। आर्थो की यूनिट दो और चार में कई मरीज पांच से दस दिन से अपने आपरेशन का इंतजार कर रहे हैं। मरीजों ने बताया कि डाक्टर ने आपरेशन करने का समय मंगलवार को दिया है। आगरा से आए मरीज ने बताया कि गुरुवार से भर्ती है अब तक आपरेशन नहीं हुआ। छतरपुर निवासी मरीज ने बताया कि उसे भर्ती हुए करीब दस दिन हो चुके हैं, लेकिन आपरेशन के लिए इंतजार ही कर रहा हूं। कब नंबर आएगा, कुछ पता नहीं है।
हड्डी रोग विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या पर्याप्त है। फिर भी आपरेशन की वेटिंग चल रही है। इसके पीछे का कारण ट्रामा सेंटर और हड्डी रोग विभाग में ज्यादा संख्या में मरीजों का पहुंचना बताया जा रहा है। बताते हैं कि अकेले ट्रामा सेंटर में ही रोजाना करीब एक सैंकड़ा मरीज पहुंचते हैं। इनमें से कुछ मरीजों को हड्डी रोग विभाग शिफ्ट कर दिया जाता है। इसके साथ ही हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में भी रोजाना करीब दो सौ मरीज पहुंचते हैं। द्य इनमें से करीब बीस से पच्चीस मरीज ऐसे होते हैं जिनको भर्ती कर आपरेशन की जरुरत होती है। इसलिए हड्डी रोग विभाग में आपरेशन के लिए मरीज को इंतजार करना पड़ता है।
भिण्ड निवासी सावित्री बाई के पैर में चोट है। डाक्टर की सलाह पर वह आपरेशन के लिए हड्डी रोग विभाग के वार्ड में भर्ती है। उसे यहां भर्ती हुए तीन दिन हो गए है, लेकिन अब तक आपरेशन का नम्बर नहीं आया है। स्वजन का कहना है कि आपरेशन करा ही यहां से जाएंगे।
आगरा निवासी सुल्तान खान गुरुवार से भर्ती हैं। उनके पैर का आपरेशन होना हैं, लेकिन अब तक उनका नम्बर नहीं आया है। सुल्तान ने बताया कि चिकित्सक ने मंगलवार को आपरेशन करने का कहा है। इसलिए इंतजार कर रहे हैं।
छतरपुर निवासी रवि पिछले दस दिन से अस्पताल में भर्ती है। लेकिन अब तक आपरेशन नहीं हो सका है। उसका कहना है कि आपरेशन के लिए मंगलवार को बोला है। अब इंतजार के सिवाए कर भी क्या सकते हैं।
मरीजों की संख्या अधिक होना आपरेशन में वेटिंग का कारण बन रही है। चिकित्सकों का प्रयास रहता है कि मरीजों को जल्द बेहतर से बेहतर उपचार मुहैया कराया जाए।
-डा.आरकेएस धाकड़, अधीक्षक, जेएएच।