नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मप्र हाई कोर्ट की ग्वालियर स्थित खंडपीठ के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार की ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल भेजने के मामले में देर रात क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई। इमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से धमकी दी गई है। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से ही उप्र में बनारस हिंदू विश्विद्यालय सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
खालिस्तान नेशनल आर्मी का ई-मेल में जिक्र
हाई कोर्ट की आईडी पर जिस ई-मेल आइडी से ई-मेल किया गया, वह उप्र की ई-मेल आईडी से अलग है। खालिस्तान नेशनल आर्मी का ई-मेल में जिक्र है, इसके चलते इस ई-मेल के तार भी उप्र वाले मामले से जुड़ गए हैं। उप्र एसटीएफ ने कानपुर से अंकित शंखवार नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था, जिसने बांग्लादेशी नागरिक अलामीन को करीब पांच लाख रुपये में ई-मेल आईडी बेची थी। जिस ई-मेल आईडी से ग्वालियर में हाई कोर्ट की ई-मेल पर धमकीभरा मेल भेजा गया है। इस संबंध में पूछताछ करने के लिए ग्वालियर पुलिस की टीम भी उप्र जाएगी। उप्र एटीएस के संपर्क में ग्वालियर पुलिस के अफसर हैं।
इस बार काली दीवाली.....अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और दिलजीत दोसांझ के कान्सर्ट को टारगेट किया
हाई कोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी मानवेंद्र सिंह कुशवाह की ओर से इस मामले में शिकायत कराई गई है। इसके बाद एफआइआर दर्ज हुई है। ई-मेल छह नवंबर को सुबह 10:31 बजे डेंजर व्हाट्सन5678@जीमेल डाट.काम आईडी से आया था। ई-मेल में विभिन्न कार्यक्रमों तथा मंदिरों में काली दीवाली पर बम धमाके कराने की बात लिखी थी।
मध्यप्रदेश बोलो, खालिस्तान-खालिस्तान। स्नेहा खालिस्तान, नेशनल आर्मी केएनए, बब्बर खालसा (कनाडा, परमार) की ओर से, अयोध्या, काशी, मथुरा के सभी मंदिर। नवंबर 1984 में अमिताभ बच्चन ने खून का बदला खून का नारा लगाकर सिखों का नरसंहार करवाया। आज दलजीत दोसांझ, मदद कर रहा है बच्चन की। आठ नवंबर से 27 नवंबर तक बम धमाकों में बच्चन का घर जलाएंगे। मध्यप्रदेश के मंदिरों में नौ नवंबर को रात नौ बजकर 11 मिनट से 11 बजकर 59 मिनट तक बम धमाके होंगे।
15 नवंबर को करेंगे हत्या
15 नवंबर को इंदौर में दलजीत शो में आइईडी धमाके में हत्या करेंगे। सी-21 स्टेडियम ग्वालियर में 15 नवंबर को इंदौर में दलजीत शो में आइईडी धमाके में हत्या करेंगे। मंदिरों में जाओ, नौ से 11 बजे तक हिंदुओं ने 1984 में सिखों को मारा, अपने बच्चन बाचो, कोई भी मंदिर में जाओ, सी-21 स्टेडियम ग्वालियर में 15 नवंबर को इंदौर में दलजीत शो में आईडी धमाके में हत्या करेंगे।
नोट: इमेल पर यह सब अंग्रेजी व पंजाबी में लिखा था, जिसका यह हिंदी अनुवाद है।
उप्र एटीएस की गिरफ्त में अंकित शंखवार- बांग्लादेश, पाकिस्तान, मिस्त्र, तुर्की तक बेचे ईमेल आईडी
उप्र एटीएस ने जिस अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया है। उसने बांग्लादेश, पाकिस्तान, मिस्त्र, तुर्की तक के लोगों को ई-मेल आइडी बेचे हैं। इन ईमेल आइडी के जरिये ही धमकियां दी जा रही हैं। उप्र सहित अन्य राज्यों में भी इस तरह की धमकियों भरे ईमेल किए गए हैं।
क्रिप्टो में लेनदेन: आरोपी अंकित शंखवार ने जिन विदेशियों को फर्जी ई-मेल आईडी, कोड, टूल बेचे हैं- उनका भुगतान क्रिप्टो करंसी में किया है। यूएसडीटी के जरिये बाइनेंस क्रिप्टो वालेट में धन लिया।
न्यायाधीश और हाई कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई: ग्वालियर में हाइकोर्ट जज एवं हाइकोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वज्र वाहन भी तैनात किए गए हैं।