ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे पर हाई कोर्ट सख्त, मजिस्ट्रियल जांच पेंडिंग होने से नहीं रुकेगी सुनवाई
कोर्ट ने यह भी कहा कि मजिस्ट्रियल जांच की रिपोर्ट हाई कोर्ट के लिए बाध्यकारी होगी, ऐसा भी कोई प्रविधान नहीं बताया गया।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 01:18:11 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 01:20:47 PM (IST)
HighLights
- सुनवाई टालने की दलील कोर्ट ने की खारिज
- जवाब न देने पर अफसरों को तलब करने की चेतावनी
- सात दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि किसी मामले में मजिस्ट्रियल जांच लंबित होने मात्र से हाई कोर्ट में याचिका की सुनवाई नहीं रोकी जा सकती।
शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर कोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से जांच पूरी होने तक सुनवाई टालने की मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ऐसा कोई कानूनी प्रविधान नहीं बता सकी, जिसके तहत मजिस्ट्रियल जांच के दौरान हाई कोर्ट याचिका पर सुनवाई नहीं कर सकता।
मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश हो चुके हैं, इसलिए सुनवाई बाद में की जाए
जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की पीठ के समक्ष याचिका की सुनवाई के दौरान शासन की ओर से बताया गया कि मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश हो चुके हैं, इसलिए सुनवाई बाद में की जाए।
कोर्ट ने इस दलील को पर्याप्त नहीं माना। पीठ ने यह भी कहा कि मजिस्ट्रियल जांच की रिपोर्ट हाई कोर्ट के लिए बाध्यकारी होगी, ऐसा भी कोई प्रविधान नहीं बताया गया।
इसके बाद शासन की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का अंतिम अवसर मांगा गया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। पीठ ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय में जवाब पेश नहीं होने पर प्रतिवादी कलेक्टर, एसएसपी और आरटीओ को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया जा सकता है। मामले की अगली सुनवाई सात दिसंबर को होगी।