कांस्टेबल का ऑडियो वायरल... ट्रैक्टर न रोकने पर रिश्वत की बात बोलता रहा-थाने आकर बात करो
ऑडियो के मुताबिक, दोनों ही बार कॉल ऑपरेटर अभिषेक की तरफ से किए गए थे। इनमें पहली कॉल करीब एक मिनट 36 सेकंड और दूसरी कॉल दो मिनट 33 सेकंड की है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 08:24:48 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 08:25:09 AM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- इंटरनेट मीडिया पर दो ऑडियो वायरल
- कांस्टेबल ने थाने आकर मिलने को कहा
- ट्रैक्टर ऑपरेटर और आरक्षक की बातचीत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के कंपू थाने में पदस्थ एक कांस्टेबल और ट्रैक्टर ऑपरेटर के बीच हुई बातचीत की दो ऑडियो रिकार्डिंग रविवार रात से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं। ऑडियो में ऑपरेटर थाने के कांस्टेबल से अपने ट्रैक्टर बेरोक-टोक निकलवाने के लिए मोलभाव करता नजर आ रहा है, हालांकि कांस्टेबल की तरफ से किसी भी तरह की रकम की मांग नहीं की गई है। वह बार-बार थाने आकर बात करने के लिए बोलता रहा। पूरी बातचीत संदिग्ध है।
क्या है पूरा मामला
वायरल हो रही रिकार्डिंग में कंपू थाने में पदस्थ कांस्टेबल वीरभान सिंह और तीन ट्रैक्टर संचालित करने वाले ऑपरेटर अभिषेक कुशवाह के बीच दो बार बातचीत होना बताया जा रहा है। ऑडियो के मुताबिक, दोनों ही बार कॉल ऑपरेटर अभिषेक की तरफ से किए गए थे। इनमें पहली कॉल करीब एक मिनट 36 सेकंड और दूसरी कॉल दो मिनट 33 सेकंड की है।
'कुशवाह' लिखे ट्रैक्टर को रोकने का है जिक्र
बातचीत के दौरान ऑपरेटर अभिषेक आरक्षक को याद दिलाता है कि दो दिन पहले उसने उसका एक ट्रैक्टर रोका था, जिसके पिछले हिस्से पर 'कुशवाह' लिखा हुआ था। ऑपरेटर का कहना है कि उस वक्त ड्राइवर ने कांस्टेबल से बात करने को कहा था और अब वह इसी सिलसिले में फोन पर संपर्क कर रहा है।
रुपये को लेकर दबाव, पर आरक्षक ने थाने बुलाया
ऑडियो क्लिप में ऑपरेटर अभिषेक बार-बार कांस्टेबल से यह जानने की कोशिश करता दिख रहा है कि उसके ट्रैक्टरों को सुरक्षित निकालने और नहीं रोकने के एवज में उसे कितने रुपये देने होंगे। हालांकि, दोनों ही ऑडियो रिकार्डिंग में कांस्टेबल वीरभान सिंह अपनी तरफ से किसी भी प्रकार की रिश्वत या पैसों की मांग करते नहीं सुनाई दे रहे हैं। कांस्टेबल ने ऑपरेटर को फोन पर किसी भी तरह का आश्वासन देने के बजाय सीधे थाने आकर मिलने की बात कही है।