जीआरएमसी में पीजी की 32 सीटें बढ़ीं, अब 227 सीटों पर मिलेंगे प्रवेश; एनएमसी ने जारी किया आदेश
सीटों में हुई वृद्धि से विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 10:47:15 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 10:48:18 AM (IST)
HighLights
- एनएमसी ने जारी किया आधिकारिक आदेश
- इन 10 विभागों में बढ़ीं पीजी सीटें
- कॉलेज का लक्ष्य 300 सीटें करने का
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में पीजी की 32 सीटें बढ़ाने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही जीआरएमसी में पीजी सीटों की संख्या 195 से बढ़कर 227 हो गई है। एनएमसी सचिव डा. राघव लंगर ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
अब अधिक मिलेंगे अवसर
सीटों में हुई वृद्धि से विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे। अब महाविद्यालय का लक्ष्य पीजी सीटों की संख्या 300 तक पहुंचाना है। इसके साथ ही कुछ नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भी तैयारी है। इससे ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हो सकें, जिनके इलाज के लिए वर्तमान में उन्हें शहर से बाहर जाना पड़ता है।
इन विभागों में बढ़ीं पीजी की सीटें
एनएमसी के आदेश के अनुसार एनाटामी विभाग में दो, फिजियोलॉजी में दो, फार्माकोलॉजी में पांच, पैथोलॉजी में छह, माईक्रोबायोलॉजी में दो, मेडिसिन में चार, सर्जरी में चार, गायनिक में चार, ऑर्थोपेडिक्स में दो और रेडियोलाजी में एक सीट की वृद्धि की गई है।