MP के 5 सबसे अधिक न्यूनतम तापमान वाले शहरों में ग्वालियर शामिल, दिन में बढ़ रही तपिश
फिलहाल तापमान में बढ़ोतरी के चलते दिन में गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 06:57:03 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 06:57:29 PM (IST)
धूप में वाहन पर कपड़ों में ढंकीं दिखीं युवतियां। नईदुनियाHighLights
- चार दिन में रात का तापमान 2.1 डिग्री बढ़ा
- अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज
- मौसम के उतार-चढ़ाव से लोग परेशान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। रात में ठंडक कम होने लगी है, वहीं दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
चार दिन में न्यूनतम तापमान 17.9 से बढ़कर 20 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे रात और सुबह की ठंडक का असर कम हो रहा है और दिन में गर्मी का एहसास बढ़ रहा है। रविवार को प्रदेश के पांच सबसे अधिक न्यूनतम तापमान वाले शहरों में ग्वालियर शामिल रहा।
दो दिनों में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को यह बढ़कर 34.6 और रविवार को 35.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। रविवार को न्यूनतम तापमान में भी पिछले दिन के मुकाबले 0.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। दिन में तापमान 35 डिग्री के पार पहुंचने से दोपहर में धूप का असर बढ़ रहा है। लोगों को गर्मी महसूस हो रही है। वहीं, सुबह और देर शाम अपेक्षाकृत राहत रहती है। तापमान में इस बदलाव के बीच लोगों को दिन के समय धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने पर ध्यान देना चाहिए।
पांच सबसे अधिक न्यूनतम तापमान वाले शहरों यह शामिल
रविवार को प्रदेश में रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहने वाले शहरों में ग्वालियर शामिल रहा। शिवपुरी में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, श्योपुर में 21 डिग्री, ग्वालियर और सागर में 20 डिग्री, दतिया में 19.7 डिग्री और नर्मदापुरम में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नमी में उतार-चढ़ाव, बारिश दर्ज नहीं
गुरुवार से रविवार तक मौसम के आंकड़ों में वर्षा दर्ज नहीं हुई। सुबह की सापेक्ष आर्द्रता गुरुवार को 85 प्रतिशत, शुक्रवार को 86 प्रतिशत, शनिवार को 87 प्रतिशत और रविवार को 73 प्रतिशत रही। रविवार को दोपहर की आर्द्रता 62 प्रतिशत दर्ज की गई। फिलहाल तापमान में बढ़ोतरी के चलते दिन में गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है।