ग्वालियर लगातार दूसरे दिन मध्य प्रदेश में सबसे गर्म, पचमढ़ी की रातें हुईं ठंडी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट आने की संभावना है।
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 09:47:20 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 09:55:49 PM (IST)
HighLights
- ग्वालियर में 37.2 डिग्री पहुंचा दिन का पारा
- 18 डिग्री तापमान के साथ पचमढ़ी सबसे ठंडा
- जल्द दस्तक देगी सुबह-रात की गुलाबी ठंड
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अक्टूबर की शुरुआत के साथ दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है। लगातार दूसरे दिन ग्वालियर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।
प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा।
आगे बढ़ेगा गुलाबी ठंड का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ेगी। हालांकि दिन में धूप के कारण तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना रह सकता है।
ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में गर्मी और हल्की ठंडक का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा और धीरे-धीरे गुलाबी ठंड दस्तक देगी।