ग्वालियर में शराब ठेकेदार की दबंगई: घर के बाहर शराबखोरी पर टोका तो चलाई गोली, पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR
ग्वालियर क्राइम समाचार: इस मामले में जनकगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। उधर शराब ठेकेदार ने भी दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। इसके...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 04 Sep 2026 07:29:31 PM (IST)Updated Date: Fri, 04 Sep 2026 07:30:00 PM (IST)
HighLights
- घर के बाहर शराबखोरी का विरोध करने पर मारपीट और गोलीबारी
- ठेकेदार मनीष उर्फ लल्ला शिवहरे का आरोप- पड़ोसी ने भी चलाई गोली
- पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जनकगंज इलाके में शराब की दुकान चलाने वाले शराब ठेकेदार मनीष उर्फ लल्ला शिवहरे और उसके साथियों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शराब की दुकान से शराब खरीदकर लोग पड़ोस में स्थित घर के बाहर शराबखोरी करते हैं। इससे पड़ोसी को परेशानी होती है। यहां शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। जब ठेकेदार को टोका तो वह अपने साथियों के साथ पड़ोसी के घर पहुंच गया। उससे मारपीट की और कट्टे से फायर कर दिया।
इस मामले में जनकगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। उधर शराब ठेकेदार ने भी दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। इसके चलते पुलिस ने शराब ठेकेदार की ओर से भी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जिससे हकीकत सामने आ सके।
ठेकेदार मनीष उर्फ लल्ला शिवहरे की है शराब दुकान
जनकगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरे शिव मैरिज गार्डन के पास ठेकेदार मनीष उर्फ लल्ला शिवहरे की शराब की दुकान है। पड़ोस में शिवा गुप्ता रहते हैं। दुकान से शराब खरीदने के बाद लोग शिवा के घर के बाहर खड़े हो जाते हैं। यहां खुलेआम शराबखोरी करते हैं। इससे शिवा गुप्ता के घर के बाहर गंदगी होती है। उनका और आसपास रहने वाले लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। शराब के नशे में लोग हंगामा भी करते हैं। इसी बात को लेकर शिवा गुप्ता ने शराब ठेकेदार मनीष उर्फ लल्ला शिवहरे को टोका। ठेकेदार ने अपने साथी धर्मेंद्र कुशवाह और एक अन्य युवक को बुला लिया। यह तीनों शिवा के घर पहुंच गए।
लल्ला ने अपने साथियों के साथ शिवा को पीटा और ठोके फायर
शिवा से मारपीट की और मनीष उर्फ लल्ला ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली चलने से दहशत फैल गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने शराब ठेकेदार ने भी शिवा गुप्ता पर गोली चलाने का आरोप लगाया। ठेकेदार का कहना है- शिवा ने किसी को उसकी दुकान पर शराब लेने के लिए भेजा। उसका सेल्समैन से विवाद हो गया, जब शिवा के घर बात करने के लिए पहुंचे तो उसने गोली चलाई।
खुलेआम शराबखोरी पर आबकारी विभाग और पुलिस मौन
शहर में शराब की दुकानों के बाहर खुलेआम शराबखोरी हो रही है। शहर के सिटी सेंटर, झांसी रोड, गोला का मंदिर, माधौगंज, महाराज बाड़ा, जनकगंज, इंदरगंज, फूलबाग स्थित शराब की दुकान के बाहर ही खुलेआम शराबखोरी होती है। आबकारी विभाग और पुलिस थाने द्वारा रोक-टोक तक नहीं की जाती। खुलेआम शराबखोरी से आम लोगों को परेशानी होती है।