_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई। सुबह के वक्त शुरू हुए इस विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले। गोलियां भी दागी गईं। हद तो तब हो गई जब पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश के लिए थाने लेकर आई, तो बेखौफ बदमाश थाना परिसर के अंदर ही आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजपुरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रास एफआईआर (Cross FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह विवाद रवि गुर्जर और रिटायर्ड फौजी रामहेत सिंह तोमर और कप्तान सिंह तोमर के बीच चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रिटायर्ड फौजी रामहेत के समर्थन में लगभग आधा सैकड़ा (50 से अधिक) पूर्व सैनिक महाराजपुरा थाने पहुंच गए।
थाना परिसर में हंगामा बढ़ता देख पूर्व सैनिकों ने पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और मामला शांत कराया।
रवि गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने रामहेत तोमर, कप्तान सिंह तोमर, सत्यम सिंह तोमर, शिवम सिंह तोमर और नवल सिंह तोमर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कप्तान सिंह तोमर की शिकायत पर पुलिस ने रवि गुर्जर और उसके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
प्तान सिंह तोमर के मुताबिक- रवि गुर्जर से हमारा जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। मैं अपने छोटे भाई नवल सिंह और भतीजे रामहेत तोमर के साथ राजीनामा (समझौता) करने रवि उर्फ बल्लू गुर्जर के ओम नगर स्थित घर गया था। जब हमने बातचीत के लिए रवि को बुलाया, तो उसने मना कर दिया और अपनी लाइसेंसी राइफल निकालकर सीधे गोलियां चलाना शुरू कर दिया। मैंने दीवार के पीछे छिपकर जान बचाई, लेकिन उन्होंने मेरे भतीजे को दबोच लिया और जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा।
वहीं, रवि गुर्जर (निवासी- ओम नगर) ने कहा- मैं अपने घर पर ही था। फौजी रामहेत सिंह तोमर और कप्तान सिंह तोमर जबरन अपने गुर्गों के साथ मेरे घर आ धमके। इन लोगों ने घर के बाहर ही मुझसे गाली-गलौच और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
इस पूरे मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने कहा- जमीन से जुड़े मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। सुबह आपस में राजीनामा करने के दौरान कहासुनी हुई और जमकर मारपीट-फायरिंग की घटना हुई। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों पर क्रास केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई की जा रही है।