ग्वालियर नगर निगम की अनूठी पहल, 11 दिन में नागरिकों ने दान कीं 10,829 वस्तुएं; 1 रुपये में मिलेंगी
21 अक्टूबर से शुरू हुए अभियान में 11 दिन के भीतर नागरिकों ने 10 हजार 829 वस्तुएं दान की हैं।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 11:00:43 AM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 11:01:03 AM (IST)
नगर निगम के अमले को अनुपयोगी वस्तुएं दान देते नागरिक। सौजन्य: नगर निगमHighLights
- स्वच्छ दिवाली अभियान में जनसहयोग
- फूलबाग के थ्री आर सेंटर में छंटाई
- एक व्यक्ति ले सकेगा 5 वस्तुएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली पर घरों से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने के लिए नगर निगम के स्वच्छ दिवाली एक रुपये वाली अभियान में शहरवासियों की अच्छी भागीदारी हो रही है। 21 अक्टूबर से शुरू हुए अभियान में 11 दिन के भीतर नागरिकों ने 10 हजार 829 वस्तुएं दान की हैं। इनमें कपड़े, जूते, किताबें, खिलौने, बैग और इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं।
1 व्यक्ति अधिकतम 5 वस्तुएं ले सकेगा
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत घरों से एकत्रित सामग्री को फूलबाग स्थित थ्री आर सेंटर में छंटाई और जरूरी मरम्मत के बाद दोबारा उपयोग योग्य बनाया जाएगा। तीन नवंबर से यह वस्तुएं जरूरतमंदों को मात्र एक रुपये प्रति वस्तु की दर से उपलब्ध कराई जाएंगी। एक व्यक्ति अधिकतम पांच वस्तुएं ले सकेगा।
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के अनुसार, अभियान का उद्देश्य रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल (थ्री आर) की अवधारणा को बढ़ावा देना है, ताकि उपयोगी वस्तुएं कचरे में जाने के बजाय जरूरतमंद परिवारों के काम आ सकें।
अभियान में अब तक नौ हजार 535 कपड़े, 675 जोड़ी जूते, 236 किताबें, 93 अन्य सामग्री, 84 कंबल, 63 बैग, 59 खिलौने, 48 प्लास्टिक व स्टील की बोतलें और 36 इलेक्ट्रानिक आइटम जमा हुए हैं। इनमें आठ हजार 611 वस्तुएं संग्रहण वाहनों और 2218 वस्तुएं क्षेत्रीय कार्यालयों में नागरिकों ने जमा कराई हैं।