ग्वालियर नगर निगम परिषद: शीतला माता मंदिर हादसे के दिवंगतों को श्रद्धांजलि, आश्रितों को मिलेगी आउटसोर्स पर नौकरी
सभापति मनोज तोमर ने दिवंगत के आश्रितों को भी आउटसोर्स के माध्यम से नगर निगम में नौकरी पर रखने के निर्देश देकर बैठक को शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक के लिए स...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 05:59:47 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 06:00:15 PM (IST)
नगर निगम परिषद में उपस्थित सदस्य मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए। सौ. जनसपंर्क विभागHighLights
- शोक प्रस्ताव और २ मिनट का मौन
- पीड़ित परिवारों को आउटसोर्स नौकरी के निर्देश
- परिषद की बैठक शुक्रवार तक स्थगित
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगर निगम परिषद के गुरुवार को आयोजित विशेष सम्मेलन में शीतला माता मंदिर हादसे के दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। इसके अलावा सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने मांग की कि दिवंगतों के स्वजन और घायलों के लिए शासन के अलावा नगर निगम स्तर से यदि कोई मदद हो सकती है, तो वह भी की जाए।
इसके बाद सभापति ने दिवंगत के आश्रितों को भी आउटसोर्स के माध्यम से नगर निगम में नौकरी पर रखने के निर्देश देकर बैठक को शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
आकस्मिक मृत्यु पर शोक प्रस्ताव रखा गया
बैठक के प्रारंभ में सांसद भारत सिंह कुशवाह के सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश जाजौरिया को नियुक्त किए जाने की जानकारी सदन को दी गई। इसके पश्चात नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य अवधेश कौरव, उपनेता सत्तापक्ष मंगल यादव एवं पार्षद मनोज राजपूत द्वारा शीतला माता मंदिर में नवरात्रि मेले के दौरान हुई दुर्घटना में कई लोगों की आकस्मिक मृत्यु पर शोक प्रस्ताव रखा गया।
सभापति ने सुनाया निर्णय
इस दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के पार्षदों ने इस हादसे को हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के स्वजन और घालों की हर संभव मदद करने का प्रस्ताव रखा। शोक प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत सभापति मनोज तोमर ने सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय सुनाया कि दुर्घटना में जिन परिवारों के सदस्यों का आकस्मिक निधन हुआ है, उन सभी परिवारों के एक सदस्य को नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी पर रखा जाए, साथ ही उन परिवारों की और जो भी मदद संभव हो की जाए।
2 मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
निर्णय उपरांत सदन में उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद बैठक शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित की गई।