
- सेवानगर में शुक्रवार रात 8.40 बजे की घटना
- घटना के बाद से तनाव, एसपी खुद रात को मौके पर पहुंचे
ग्वालियर। नईदुनिया प्रतिनिधि
तीन साल की मासूम को पड़ोस में रहने वाले ऑटो चालक ने चॉकलेट का लालच देकर ऑटो में बैठाया और दुष्कृत्य कर दिया। घर पहुंचने पर जब मासूम को दर्द हुआ तो दादी को पूरी बात बताई। घटना शुक्रवार रात 8.40 बजे के लगभग सेवा नगर ग्वालियर की है। घटना से क्षेत्र में तनाव फैल गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को निगरानी में ले लिया है। एसपी ग्वालियर अमित सांघी भी रात को घटना स्थल पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने चंद घंटों में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
उपनगर ग्वालियर के सेवानगर निवासी 30 वर्षीय युवक एक निजी संस्था में कर्मचारी है। वह परिवार के साथ रहता है। शुक्रवार रात को युवक की तीन साल की बेटी रानी (परिवर्तित नाम) आसपास के बच्चों के साथ मोहल्ले में ही माता की झांकी देखने गई थी। जब वह घर लौट रही थी तो पास ही में रहने वाला ऑटो चालक वसीम पुत्र सत्तार खान उसे रास्ते में मिला। मासूम को चॉकलेट का लालच देकर अपने ऑटो की पिछली सीट पर बैठा लिया और अन्य बच्चों को डांटकर भगा दिया। ऑटो में ही बच्ची के साथ गलत हरकत की। करीब 15 मिनट बाद बच्ची घर पहुंची तो दादी को रोते हुए बताया कि उसे दर्द हो रहा है। इस पर दादी ने दर्द का कारण पूछा तो उसने पूरी बात बताई। इसके बाद स्वजन उसे लेकर वसीम के घर पहुंचे तो वह भाग गया। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। स्वजन बच्ची को लेकर थाना पहुंचे। ग्वालियर थाना में आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट मामला दर्ज कर उसे ऑटो स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है।
संवेदनशील होने से तनाव, पुलिस अलर्ट
जिस जगह पर यह घटना हुई है, वह काफी संवेदनशील है। यहां दो समुदाय के बीच मामूली बात पर भी तनाव के हालात बन जाते हैं। इस घटना में आरोपित और फरियादी के अलग-अलग समुदाय से होने के बाद तनाव काफी बढ़ गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को निगरानी में ले लिया है और पुलिस बल को तैनात कर दिया है।