
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर विमानतल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के बैग में से 315 बोर का कारतूस मिला। यात्री ग्वालियर का रहने वाला है और उसके पिता ग्वालियर पुलिस में दरोगा हैं। वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर जा रहा था, तभी विमानतल पर लगेज स्कैनर में जैसे ही बैग गया तो कारतूस मिला। इसके बाद तो उसे हिरासत में ले लिया गया। फिर महाराजपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
महाराजपुरा थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है- उसके पिता के नाम लाइसेंसी हथियार है, यह उसी का कारतूस था। उसे पता नहीं लगा और बैग में कारतूस रखा आ गया।
ग्वालियर में रामदयाल नगर स्थित अभिनंदन वाटिका के पीछे रहने वाले अभय प्रताप सिंह भदौरिया की शादी कुछ समय पहले ही हुई है। वह इंदौर में नौकरी करता है। जबकि अभय प्रताप के पिता नागेंद्र सिंह भदौरिया मप्र पुलिस में दराेगा हैं। उनकी पोस्टिंग ग्वालियर में ही है। अभय पत्नी के साथ हनीमून पर जा रहा था।
ग्वालियर से उसे फ्लाइट से रवाना होना था। दोपहर में ग्वालियर विमानतल पर पहुंचा। मुख्य द्वार पर प्रवेश से पहले सामान की जांच होती है। सामान जैसे ही लगेज स्कैनर के अंदर पहुंचा तो बैग में 315 बोर का कारतूस मिला। एयरपोर्ट पर तैनात एएसओ ने तुरंत सीआइएसएफ के अधिकारियों को बताया। उसे हिरासत में ले लिया गया।
कारतूस मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाने की फोर्स यहां आ गई। सीआइएसएफ ने महाराजपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उसके स्वजनों को भी सूचना दे दी गई। सूचना मिलते ही उसके पिता भी आ गए। यहां बताया गया कि नागेंद्र के पास लाइसेंसी हथियार है, यह उसका कारतूस है लेकिन बैग में कारतूस मिला था इसलिए उस पर एफआइआर दर्ज की गई। पुलिस ने उस पर आर्म्स एक्ट की धारा में एफआइआर दर्ज की है।