नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: किन्नरों के दो गुटों में वर्चस्व को लेकर चल रहा झगड़ा अब एक-दूसरे की हत्या का षड्यंत्र रचने तक पहुंच गया है। एक किन्नर ने अपने परिचित गुंडों को दूसरे गुट की सरदार किन्नर की हत्या की सुपारी दे दी। हत्या करने के उद्देश्य से गुंडों ने आठ दिन पहले गोली चलाई थी, लेकिन किन्नर बाल-बाल बच गई। इस मामले में शनिवार को हजीरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की।
दो आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपित पुलिस के पहुंचते ही घर की छत से कूदकर फरार हो गया। उसके पैर में चोट लगी है। वह किसी अस्पताल भी पहुंचा है। अभी गोली चलवाने वाली किन्नर और उसके साथियों की तलाश चल रही है। उपनगर ग्वालियर स्थित मैदाई मोहल्ले में रहने वाली सोनम किन्नर का विवाद पलक किन्नर से चल रहा है। इनमें वर्चस्व को लेकर लड़ाई है।
18 मई को सोनम अपने साथियों के साथ बधाई गाने जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक पर सवार होकर आए गुंडों ने गोली चलाई। गोली कांच में लगी और सोनम बाल-बाल बच गई। इस मामले में पुलिस तस्दीक कर रही थी। जांच में सामने आया कि सोनम को मारने के लिए पलक ने ही गुंडों को सुपारी दी थी। इसके बाद इस मामले में गोली चलाने वाले विजय भदौरिया, राज बाथम, केशव यादव, कालू यादव और पलक किन्नर पर एफआइआर दर्ज की। हजीरा थाना पुलिस ने विजय भदौरिया, राज बाथम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि केशव भाग गया। वह छत से कूद गया। उसके पैर में चोट आई है।
जब गुंडों ने गोली चलाई तो कांच को चीरती हुई पीछे पहुंची। सोनम झुक गई। अगर झुकती नहीं तो जान जा सकती थी।