Gwalior News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। विकासखंड के ग्राम करहिया में शुक्रवार काे आयोजित बजरंग सेना के राष्ट्रीय अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणवीर पटेरिया ने कहा कि राष्ट्र की एकता अखंडता के लिए भारत देश को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना अति आवश्यक है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश को हिंदू राष्ट्र घोषित करने के साथ ही देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करना भी अति आवश्यक है। साथ ही पटेरिया ने कहा कि देश का बंटवारा जब धर्म के आधार पर हुआ तो पाकिस्तान और बांग्लादेश इस्लामिक राष्ट्र घोषित हो गए। इसको देखते हुए अब आवश्यक हो गया है कि भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए भारत को भी हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए। इस मौके पर राष्ट्रीय संयोजक रघुनंदन शर्मा ने क्षेत्रीय समस्याओं के संबंध में चुटकी लेते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पिछले 75 वर्षों से एक बात कहती आ रही है कि भारत देश शहरों में नहीं बसा था बल्कि गांवों में बसता है। तो गांव की सड़कें बदहाल क्यों हैं। इस दौरान श्री शर्मा ने भितरवार चीनौर बाया करहिया सड़क मार्ग की दुर्दशा को दर्शाता हुआ वीडियो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास भेज कर उनसे सड़क निर्माण के संबंध में मोबाइल फोन पर बातचीत भी की। इस दौरान उपस्थित राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71 वा जन्मदिन मनाते हुए 71 पौधे रोपे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष अमरीश राय, राष्ट्रीय संगठन मंत्री राम शंकर मिश्रा, प्रदेश संयोजक हरि सिंह चौहान, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रूपल शर्मा, मनोहर सोनी, बजरंग सेना जिला ग्रामीण प्रभारी अनूप सिंह रावत ब्लाक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाह एवं प्रवक्ता हाकिम बघेल पूर्व जिला योजना समिति सदस्य अशोक अग्रवाल, भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नवल बाथम चौधरी, मोनू जैन, ग्राम सरपंच दीनाराम बाथम सहित कई लोग उपस्थित रहे।