नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजौली थाना पुलिस ने लूट, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार की तस्करी जैसे सनसनीखेज अपराधों को अंजाम देने वाले कुख्यात अपराधी भोला गुर्जर को पकड़ा है। 24 साल की उम्र में ही उस पर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह बिजौली और आसपास के गांव के साथ ही शहर में भी कई इलाकों में अपनी दहशत फैला रहा था। हथियार के साथ रील्स बनाता था और उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर पुलिस को खुली चुनौती देता था। हाल ही में उसने गोला का मंदिर इलाके में गोलीबारी की थी।
पुलिस ने करीब 15 दिन की मेहनत के बाद उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपित भोला गुर्जर कई किलोमीटर तक बिना रुके दौड़ जाता है, पुलिस से बचने के लिए पेड़ पर चढ़ना भी सीख लिया। लंबे समय से वह पुलिस को छका रहा था। बिजौली थाने की टीम ने उसे आखिरकार पकड़ ही लिया। उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं। बिजौली इलाके में पारसेन गांव का रहने वाला भोला गुर्जर सभी तरह के अपराधों में शामिल है। हाल ही में उसने आठ अप्रैल को पारसेन में गोलीबारी की थी। इसके बाद वह नहीं पकड़ा गया तो तीन मई को अपने साथियों के साथ मिलकर गोला का मंदिर स्थित पिंटो पार्क में गोलियां चलाई थी। इस मामले में गोला का मंदिर थाना पुलिस को भी उसकी तलाश थी।
उसने एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर अपलोड की, जिसमें वो हाथ में अवैध पिस्टल लिए हुए है। महिला आइपीएस अनु बेनीवाल ने बताया कि उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई। रात में बिल्हटी मोड़ के पास उसकी लोकेशन मिली। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। वह दौड़ने में माहिर है, इसलिए चारों तरफ से घेराबंदी की गई, ताकि उसे भागने का मौका न मिले। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से दो देसर पिस्टल, दो कट्टे, एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आइपीएस अनु बेनीवाल ने बताया कि वह क्षेत्र के युवाओं को गुंडा बना रहा था। कई युवाओं को अपनी गैंग में शामिल किया। वह इन्हें अवैध हथियार सप्लाय करता था और कभी भी गोली चलवा देता था। खुद कम उम्र में ही अपराधी बन गया। यही कारण है- उस पर अब तक 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।