
Gwalior News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में एक यात्री इतनी गहरी नींद में सो गया कि कई बार जगाने पर भी उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। रेल कर्मचारियों ने मृत समझकर आरपीएफ और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। यात्री को उठाकर स्ट्रेचर पर लिटाया गया। जब एंबुलेंस में उसे शिफ्ट कर रहे थे, इसी दौरान हलचल से वह उठकर बैठ गया और चिल्लाने लगा। यात्री बोला कि वह तो ट्रेन के इंतजार में सो रहा था।
आरपीएफ के जवानों ने अपना माथा पकड़ लिया और उसका नाम-पता नोट कर उसे को जाने दिया। जानकारी के अनुसार वेटिंग रूम में बैठे कुछ लोगों ने डिप्टी एसएस को सूचना दी कि एक यात्री बेहोश हो गया है। वह उठ नहीं रहा है। इसके बाद आरपीएफ व डिप्टी एसएस वेटिंग रूप में पहुंचे। जब यात्री को हिलाया तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
डिप्टी एसएस ने मामले की जानकारी 108 एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस के आने पर जैसे ही यात्री को स्ट्रेचर पर लिटाया गया। उसे एम्बुलेंस के अंदर रखने लगे, तो यात्री उठा और बोला मुझे कहां ले जा रहे हो। यह बात सुन वहां मौजूद लोगों ने यात्री की जमकर फटकार लगाई। पूछताछ में उसने अपना नाम निशांत भारद्वाज निवासी संजय कालोनी फरीदाबाद बताया। यात्री ने बताया कि उसका ताज एक्सप्रेस में आरक्षण भी है।