Gwalior News: आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी ने जेल में फांसी लगाकर की आत्महत्या
Gwalior News: केंद्रीय जेल ग्वालियर में बंद एक बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की हत्या करने पर आजीवन कारावास उसे मिला था।
By anil tomar
Edited By: anil tomar
Publish Date: Sun, 02 Apr 2023 10:20:16 PM (IST)
Updated Date: Sun, 02 Apr 2023 10:20:16 PM (IST)

Gwalior News: ग्वालियर . नईदुनिया प्रतिनिधि। केंद्रीय जेल ग्वालियर में बंद एक बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। जिस समय बंदियों की गणना चल रही थी, उसी समय उसने डबल स्टोरी बैरक के गेट के पास रेलिंग पर तौलिया से फंदा बनाकर डाला और फांसी लगा ली।
2018 में दी गई सजा
जेल अधीक्षक विदित सरवैया ने बताया कि मूल रूप से शिवपुरी का रहने वाला दीपक रजक पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे 2018 में भोपाल में सजा हुई थी और 2019 में उसे केंद्रीय जेल ग्वालियर में शिफ्ट किया गया था। आत्महत्या की वजह तो स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह पता लगा है कि वह पत्नी की हत्या के बाद से डिप्रेशन में था। वह रात में कई बार सोता भी नहीं था। जेल प्रबंधन ने इस मामले को लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। यह भी पता किया जा रहा है, जब कैदी ने फांसी लगाई तब उसके आसपास कौन था। कैदी के आत्महत्या कर लेने पर प्रबंधन पर कई सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि सभी कैदी जेल प्रबंधन की निगरानी में हाेते हैं। उनकी गतिविधियां भी प्रबंधन की निगरानी में होती हैं।