
ग्वालियर, (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ग्वालियर के लोगों को अब विदेशी फूड भा रहा है। चाहें चाइनीज हो, थाई फूड हो, मुगलाई, जापानी या फिर कोरियन... अब आसानी से यहां की डिश शहर में मिल रही हैं। अब तक शहर में सिर्फ राजस्थानी, पंजाबी, मारवाड़ी, गुजराती, साउथ इंडियन और चाइनीज फूड ही मिलता था। लेकिन अब रेस्त्रां में विदेशी डिश लोगों को भा रही हैं। यूथ्स की जुबां पर जापान की सुशी डिश और कोरियन नूडल्स का स्वाद चढ़ गया है। शहर के सिटी सेंटर स्थित रेस्त्रां में विदेशी फूड उपलब्ध हैं। सिर्फ यूथ्स ही नहीं, बल्कि वीकेंड पर फैमिली के साथ डिनर के लिए आने वाले लोगों और मल्टीनेशनल कंपनीज की पार्टियों में भी इन फूड्स की डिमांड है।
सिटी सेंटर में रेस्त्रां संचालक अभिनव सक्सेना और उनकी पत्नी प्रियंका श्रीवास्तव मिलकर रेस्त्रां चलाते हैं। इनके रेस्त्रां की खासियत है...यहां सिर्फ विदेशी फूड की डिशेज की भरमार है। उन्होंने शहरवासियों को विदेशी फूड में चाइनीज फूड में ऐसी डिशेज उपलब्ध करवाई हैं, जाे पहले यहां नहीं मिलती थी। अभिनव मर्चेंट नेवी में काम करते हैं विदेशी सिटीज व शिप पर मिलने वाली विदेशी डिश को उन्होंने ग्वालियर में उपलब्ध कराने के लिए यह रेस्त्रां खोला है।
रेस्त्रां में लोगों को जापान का प्रसिद्ध व्यंजन सुशी और कोरिया के रेमन नूडल्स पसंद आ रहे हैं। थाई फूड में पैड थाई डिश लोगों को भाई रही है। पैड थाई नूडल्स की डिश होती है। यह डिश नूडल्स के साथ ही स्प्राउट्स, बीन्स, टोफू, मूंगफली व अलग-अलग सोशेज का प्रयोग कर बनाई जाती है।
थाई फूड्स अलग-अलग करी के लिए भी पसंद है। इसमें से एक है गैंग कोव वान गई, यह चिकन करी डिश है। प्रियंका बताती हैं- जो लाग नानवेज खाते हैं, उन्हें यह बहुत पसंद आ रही है। कार्पोरेट पार्टी और फैमिली डिनर में यह बहुत पसंद की जाती है।
सिटी सेंटर में ही रेस्त्रां चलाने वाले आयुष सिंह ने बताया- सिटी सेंटर इलाके में कई विदेशी स्टूडेंट्स रहते हैं। यह चिकन फायर की डिमांड करते हैं। साउथ कोरिया की तर्ज पर बनाया जाता है। विदेशी स्टूडेंटस के साथ पढ़ने वाले यहां के स्टूडेंट्स में भी अब यह डिश लोकप्रिय हो गई है।