Gwalior News: शहर में टेंपो, आटो और स्कूल वैन के चालक की हड़ताल, फूलबाग चौराहे पर एक घंटे तक लगाया जाम
शहर में सोमवार को टेंपो, आटो और स्कूल वैन के चालक हड़ताल पर रहे। इन लोगों ने वाहनों का संचालन नहीं किया, इसकी वजह से सुबह से रात तक लोग परेशान होते रहे।
By Anurag Mishra
Edited By: Anurag Mishra
Publish Date: Mon, 18 Sep 2023 07:18:06 PM (IST)
Updated Date: Mon, 18 Sep 2023 07:29:14 PM (IST)
शहर में टेंपो, आटो और स्कूल वैन के चालक की हड़ताल।ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर में सोमवार को टेंपो, आटो और स्कूल वैन के चालक हड़ताल पर रहे। इन लोगों ने वाहनों का संचालन नहीं किया, इसकी वजह से सुबह से रात तक लोग परेशान होते रहे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले लोगों और यहां जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ आटो और टेंपो चालकों ने वाहन चलाए तो हड़ताल पर गए चालकों ने इन्हें भी खड़ा करा दिया। उधर कई स्कूलों के बच्चे स्कूल नहीं जा सके, कुछ बच्चों को उनके स्वजन छोड़ने पहुंचे।
हड़ताल की पूर्व सूचना भी अभिभावकों को नहीं दी गई थी। ई -रिक्शा को अलग रूट पर चलाने जाने, चालक कल्याण योजना लागू किए जाने सहित अन्य 12 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन पिछले तीन दिन से चल रहा है। सोमवार को टेंपो, आटो, स्कूल वैन और लोडिंग वाहनों के चालक हड़ताल पर चले गए। इन लोगों ने फूलबाग में अपनी गाड़ियां खड़ी की। इसके बाद फूलबाग चौराहे पर ही सुबह चक्काजाम किया। करीब एक घंटे तक जाम लगाए रखा। पुलिस अधिकारियों ने इन्हें समझाया और किसी तरह जाम खुलवाया। फिर यह लोग चौराहे पर ही भूख हड़ताल पर बैठ गए।
शहर के अलग-अलग इलाकों में चालक निकले, यहां जो सवारी वाहन चलते मिले उन्हें भी रुकवाकर खड़ा करा दिया। हड़ताल की वजह से आम लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल के बच्चों और उन लोगों को हुई जिन्हें सवारी वाहनों से गंतव्य तक जाना था। बाहर के यात्री परेशान हुए। शहर के बाहर से इलाज करवाने के लिए जयारोग्य अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में आए मरीज व इनके स्वजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों पर की कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की है। शहर के उन रास्तों पर भी ई-रिक्शा चल रहे हैं, जिन रास्तों पर टेंपो के परमिट हैं। इनका रूट निर्धारित नहीं है, इसलिए कई रूट पर निर्धारित संख्या से अधिक संख्या में ई-रिक्शा दौड़ रहे हैं। इससे यहां जाम के हालात बन रहे हैं और सड़कों पर ई-रिक्शा ही नजर आते हैं। इसी के चलते इन पर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा कई ऐसे ई-रिक्शा चालक हैं, जिन्होंने बाहर से वाहन रजिस्टर्ड करवा रखा है, लेकिन इसका संचालन ग्वालियर में कर रहे हैं। कई नाबालिग ई-रिक्शा चला रहे हैं। 200 से ज्यादा इ-रिक्शा को पकड़ा गया। 25 चालकों के चालान काटे गए, फिर इन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया।