ग्वालियर में रात का पारा 10.8 डिग्री पर पहुंचा, सुबह 86 % नमी रहने से बढ़ी सर्दी की ठिठुरन
नवंबर के आखिरी सप्ताह में उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने से रात के तापमान में और गिरावट आएगी।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 12:00:39 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 12:01:01 PM (IST)
मौसम में ठंडक होने के बाद शाम को गर्म कपड़ों में जाते दिखे छात्र। नईदुनियाHighLights
- दो दिन में आधा डिग्री लुढ़का न्यूनतम तापमान
- सुबह और शाम को ज्यादा महसूस हो रही ठंड
- नवंबर के आखिरी सप्ताह में और गिरेगा पारा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। रात के साथ सुबह और शाम को भी ठंड महसूस हो रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 10.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार को यह 11.3 डिग्री दर्ज किया गया था।
दो दिन में रात के तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट आई। सुबह नमी का स्तर 86 प्रतिशत रहने से ठंड का अहसास बढ़ा। दिन में धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री था। बुधवार को अधिकतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 28.5 डिग्री पर आ गया। सुबह 5.30 बजे तापमान 11.6 डिग्री और 8.30 बजे 13 डिग्री दर्ज किया गया।
दोपहर 2.30 बजे पारा 28.2 डिग्री तक पहुंचा, जबकि शाम 5.30 बजे तापमान गिरकर 22.4 डिग्री पर आ गया। बुधवार सुबह 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 86 प्रतिशत रही, जो मंगलवार के मुकाबले छह प्रतिशत अधिक थी। दोपहर में यह घटकर 54 प्रतिशत रह गई। दिन और रात के तापमान में अंतर से सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।
और गिरेगा रात का तापमान: मौसम विशेषज्ञ अरुण शर्मा ने बताया कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने से रात के तापमान में और गिरावट आएगी।