Gwalior Prakash Parv News: प्रकाश पर्व की तैयारियां हुई तेज, गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ में बाहर से आईं संगतें
ग्वालियर किला स्थित गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ में 400वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाहर से आईं संगतें।
By vikash.pandey
Edited By: vikash.pandey
Publish Date: Sun, 26 Sep 2021 04:05:40 PM (IST)
Updated Date: Sun, 26 Sep 2021 04:05:40 PM (IST)

Gwalior Prakash Parv News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। ग्वालियर किला स्थित गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ में 400वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुद्वारे में विशेष साज-सज्जा एवं व्यवस्थाएं बढ़ाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। वहीं कोरोना की आशंका को खत्म करने की मंशा से गुरुद्वारा परिसर में विशेष वैक्सीनेशन शिविर भी बीते दो दिन से लगाया जाने लगा है। इस शिविर में गुरुद्वारे के तमाम सेवादारों के साथ ही उन सभी संगतों को भी टीके लगाए जा रहे हैं, जो नगर कीर्तन के रूप में विभिन्न स्थानों से आ रहे हैं। शनिवार को डबरा, चीनौर, भितरवार से आईं संगतें नगर कीर्तन के रूप में गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ किला पहुंचीं। करीब दो हजार लोग नगर कीर्तन के लिए आए हुए थे। श्री गुरु ग्रंथ साहिब को एक पालकी में सुभोषित करके कीर्तन करते हुए लाया जा रहा था। पंज प्यारों की अगुवाई में जत्था गुरुद्वारा किला पहुंचा। जिसका गुरुद्वारा फूलबाग द्वारा विशेष स्वागत किया गया। मार्ग में अन्य स्थानों पर भी नगर कीर्तन का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। प्रकाश पर्व आयोजन एवं गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि चूंकि कोरोना गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं। इसलिए एक-एक कर अलग-अलग स्थानों से नगर कीर्तन के जत्थे आ रहे हैं। जिससे अधिक भीड़ न हो। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आ रही संगतों के रुकने के लिए कमरों के साथ ही अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। जिससे कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं उठाना पड़े।