Gwalior Railway News: ग्वालियर.नईदुनिया प्रतिनिधि। ट्रेनों में अपराध पर लगाम लगाने के साथ ही यात्रियों को उनके अधिकार और रेल नियमों की जानकारी देने के लिए रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने फिर जागरुकता अभियान की शुरूआत कर दी है। त्यौहार पर चेकिंग में व्यस्त होने के कारण इस अभियान को कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया था। रविवार से इसकी शुरूआत कर दी गई है। चूंकि गर्मी की छुट्टियों में लोग विभिन्न जगहों पर घूमने जाने के लिए ट्रेनों में यात्रा करते हैं, इस कारण इस अभियान को अब लगातार चलाया जाएगा।
ट्रेनों में खासतौर पर महिला यात्रियों के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके लिए रेल सुरक्षा बल ग्वालियर की महिला सदस्यों की ‘मेरी सहेली’ टीम का गठन किया गया है। यह टीम स्टेशन पर लगातार जागरुकता अभियान चला रही है। गत रविवार को इस टीम ने महिला यात्रियों को जागरुक करने के साथ ही बताया कि यात्रा के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की परेशानी के लिए महिला बल सदस्यों की मेरी सहेली टीम द्वारा तुरंत सहायता प्रदान की जाएगी। महिला यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस दौरान इस टीम की महिला आरक्षक खुशबू ने ट्रेन क्रमांक 22194 दौंड सुपर फास्ट वीकली एक्सप्रेस में छह महिला यात्रियों, ट्रेन क्रमांक 22547 अहमदाबाद सुपर फास्ट एक्सप्रेस में आठ और ट्रेन क्रमांक 11107 बुंदेलखंड एक्सप्रेस में सात महिला यात्रियों से बातचीत कर उन्हें जागरुक किया। उन्हें बताया गया कि कोई भी समस्या होने पर तुरंत ही रेल सुरक्षा बल, जीआरपी तथा रेलवे के अन्य कर्मचारियों को सूचना दी जाए। इसी प्रकार एक अन्य महिला आरक्षक अन्नू ने ग्वालियर से बरौनी तक जाने वाली ट्रेन क्रमांक 11123 बरौनी मेल में 13 महिला यात्रियों से बातचीत की। इस दौरान महिलाओं से अक्सर ट्रेन यात्रा में आने वाली परेशानियों के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।