
Gwalior Railway News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) रविंद्र गोयल सोमवार की सुबह वार्षिक निरीक्षण के लिए ग्वालियर आएंगे। वे बुंदेलखंड एक्सप्रेस से सुबह 8:15 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे ग्वालियर आने के बाद ग्वालियर से धौलपुर व आगरा तक रियर विंडो निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे ग्वालियर स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का भी निरीक्षण कर सकते हैं। महाप्रबंधक के प्रवास को लेकर रेलवे स्टेशन पर दो दिन से तैयारियां चल रही हैं। गत शनिवार को डीआरएम झांसी मंडल ने भी स्टेशन का निरीक्षण किया था। वहीं मंडल के अन्य अधिकारी भी स्टेशन की व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। रेलवे अधिकारियों का फोकस स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पर है। इसके लिए चारों प्लेटफार्म पर रविवार को विशेष रूप से सफाई कराई गई। इसके अलावा स्थानीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहनी चाहिए। किसी भी तरह की कमी या खामी नहीं छूटनी चाहिए।
खाद्य सुरक्षा टीम की ओर से रविवार को शहर में अलग अलग प्रतिष्ठानों पर सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। सिटी सेन्टर स्थित होटल साया इन का खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद होटल की किचिन से दही एवं पनीर के नमूने लिये। फर्म मिची इण्डियन फूडस अचलेश्वर रोड ग्वालियर का निरीक्षण किया जहां पर छोले भटूरे का निर्माण कर बेचा जा रहा था। यहां भटूरे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रिफाइण्ड सोयाबनी तेल का नमूना लिया। अचलेश्वर रोड स्थित ही श्रीनाथ पाव भाजी का भी निरीक्षण किया यहां से पाव के लिये उपयोग होने वाली भाजी (सब्जी) एवं लाल मिर्ची पाउडर के नमूने लिये। यहीं बगल में स्थिति मद्रासी डोसा सेन्टर से टमाटर चटनी एवं इडली बनाने में इस्तेमाल होने वाले आटा का नमूने लिये। मेले में भी कई प्रतिष्ठान जांचे यहां इंडियन काफी हाउस रेस्टोरेन्ट की किचिन का निरीक्षण कर सांभर, मैदा, आटा एवं रिफाइण्ड सोयाबीन तेल के नमूने लिये।
