Gwalior Railway News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। झांसी मंडल के करारी स्टेशन पर तीसरी लाइन का नान इंटरलाकिंग कार्य किए जाने के चलते चार व पांच मई को 11807 व 11808 ट्रेन रद रहेगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को री-शेड्यूल किया गया है और उन्हें देर से चलाया जाएगा। पांच मई को गाड़ी संख्या 12279 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से नई दिल्ली ट्रेन को अपने निर्धारित समय 15:20 बजे के स्थान पर 110 मिनट देरी से चलाया जाएगा। यह ट्रेन झांसी से शाम 17:10 बजे अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -आगरा कैंट अपने निर्धारित समय 16:05 बजे के स्थान पर 85 मिनट देरी से 17:30 बजे चलाया जाएगा। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी। गाड़ी संख्या 11903 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से इटावा अपने निर्धारित समय 17:25 के स्थान पर 15 मिनट देरी से 17:40 बजे रवाना होगी।
सड़क पर मिली गंदगी कर्मचारी का काटा वेतन
स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को नगर निगम के अपर आयुक्त और उपायुक्तों ने अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिली। इसके अलावा कर्मचारी भी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। अधिकारियों ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव ने नोडल अधिकारी अमित गुप्ता के साथ उरवाई गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उपायुक्त सत्यपाल सिंह चौहान द्वारा जीवाजीगंज रोड पर निरीक्षण किया गया। उपायुक्त डा. अतिबल सिंह यादव ने वार्ड 5 में निरीक्षण किया। इस दौरान सात सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनका एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त अमरसत्य गुप्ता के निरीक्षण के दौरान पड़ाव चौराहा स्थित शास्त्री मार्केट में गंदगी मिलने पर वार्ड हेल्थ आफिसर का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वर्ण रेखा नाले और छत्री बाजार का भी निरीक्षण किया।