Gwalior Railway News: ग्वालियर.नईदुनिया प्रतिनिधि। अपनी ड्यूटी के दौरान परफार्मेंस को सुधारने और रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी के साथ ही यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार करने के लिए रेलवे द्वारा कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रेलवे ने इसे रेल कर्मयोगी प्रशिक्षण का नाम दिया है, जिसके तहत रेलवे के प्रत्येक विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर उनकी कार्य क्षमता में वृृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत उत्तर मध्य रेलवे के झांसी स्थित मंडल कार्यालय सहित ग्वालियर स्टेशन पर भी कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
जानकारी के मुताबिक झांसी मंडल द्वारा झांसी स्थित सुपरवाइजर ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित रेल कर्मयोगी प्रशिक्षण शिविर में मंडल के 1540 रेल कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रेल कर्मयोगी की उपाधि प्रदान की गई है। यह झांसी मंडल में कार्यरत कुल कर्मचारियों का 98.03 प्रतिशत है। इनमें अधिकतर वे कर्मचारी हैं, जो फ्रंट लाइन यानी कि सीधे तौर पर यात्री सुविधाओं से जुड़े हुए हैं। प्रशिक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष द्वारा सभी कक्षाओं में जाकर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया तथा पूर्ण निष्ठा के साथ प्रशिक्षण ग्रहण करने के निर्देश दिए गए। रेल कर्मयोगी प्रशिक्षण का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को और भी अधिक रचनात्मक, सृजनात्मक, विचारशील, नवाचारी, अधिक क्रियाशील, प्रगतिशील, ऊर्जावान, सक्षम, पारदर्शी और टेक्नो फ्रेंडली बनाकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विशिष्ट भूमिका व दक्षताओं से युक्त रेल कर्मचारी यात्रियों को उच्चतम गुणवत्ता मानकों वाली प्रभावकारी सेवा प्रदायगी सुनिश्चित करने में समर्थ होंगे। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कार्य संस्कृति में परिवर्तन को व्यवस्थित रूप से जोड़कर सार्वजनिक संस्थानों का सुदृढ़ीकरण करना और रेल सेवा को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाकर सेवा क्षमता में बदलाव किया जाना है, ताकि रेल यात्रियों को प्रभावकारी रूप से सेवाएं मुहैया कराना सुनिश्चित किया जा सके और यात्री संतुष्ट होकर बेहतर अनुभव प्राप्त कर सकें।