Gwalior Railway News: नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सेना की सेवा से रिटायर होकर सिकंदराबाद से ग्वालियर आए जवान अशोक कुमार का गुरुवार को स्टेशन पर स्वजनों ने ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया। इस दौरान स्टेशन पर तैनात चेकिंग स्टाफ ने जब आपत्ति जताई, तो मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। टिकट चेकिंग स्टाफ सभी स्वजनों पर जुर्माना लगाने पर अड़ गया। स्टेशन डायरेक्टर लालाराम सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान रिटायर्ड जवान अशोक कुमार ने कहा कि 30 साल देश की सेवा करने के बावजूद आप जुर्माना लगा रहे हैं। यही ढोल अगर किसी नेता के स्वागत में बजते तो क्या रसीद काटी जाती। ऐसे में स्टेशन डायरेक्टर ने कहा कि ढोल बजाने वालों के पास न तो प्लेटफार्म टिकट है और न ही कोई अनुमति। करीब आधा घंटे तक विवाद की स्थिति के बाद चेकिंग स्टाफ ने ढोल बजाने वालों पर जुर्माना लगा दिया।
दहेज हत्या के मामले में सात साल से फरार चल रही महिला को बिजौली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला आइपीएस अनु बेनीवाल ने बताया कि ज्योति शर्मा सात साल से फरार चल रही थी। कोर्ट से उसका स्थाई वारंट जारी हुआ था। इसके साथ ही उसकी गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। वह बड़ागांव पुल की तरफ बस का इंतजार कर रही थी। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जिलाबदर किया गया था बदमाश, इलाके में घूमता मिला: थाटीपुर इलाके में रहने वाले गुंडे अभय उर्फ अब्बू लोधी को एक साल के लिए जिलाबदर किया गया था। थाटीपुर थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी वह इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाने की फोर्स पहुंची। उसे गल्ला कोठार स्थित शकवार धर्मशाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।