
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर बरकरार है। अक्टूबर माह में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। लगातार तीन दिन से दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक है। दिन में तेज धूप खिल रही है, जिसके चलते गर्मी का अहसास हो रहा है जबकि सूरज ढलने के साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो रहा है।
इससे रात के समय हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में देश के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती घेरे बने हुए हैं, लेकिन उनका बहुत अधिक प्रभाव शहर पर नहीं है। ऐसे में फिलहाल मौसम इसी प्रकार शुष्क बना रहेगा।
बुधवार को दिन के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। इसके चलते अधिकतम तापमान एक बार भी परवान चढ़ गया। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिसे की बढ़त के साथ 36.4 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिसे अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.9 डिसे की गिरावट के साथ 23.3 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.0 डिसे अधिक है।
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तर पूर्व बिहार और हरियाणा के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा मौजूद है। बिहार पर बने चक्रवाती घेरे से होकर एक ट्रफ झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक विस्तृत है। इसके चलते प्रदेश के कुछ शहरों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना है, लेकिन अंचल पर इसका कोई असर नहीं है। ऐसे में यहां फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में स्वामित्व योजना पर तकरार: कलेक्टर का बड़ा एक्शन, 19 पटवारी सस्पेंड; आज से जिले में कलमबंद हड़ताल