
Gwalior smart Road: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने 34.98 करोड़ रुपए से अधिक लागत से शहर की पांच बदहाल सड़कों के निर्माण के पांच टेंडर किए हैं। इनके तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन की प्रक्रिया अभी की जा रही है। प्रक्रिया के दौरान सबसे कम कीमत की राशि का आफर देने वाली कंपनियों को कार्यादेश जारी किया जाएगा, लेकिन सड़कों का निर्माण अब मानसून के बाद ही हो पाएगा।
जिन सड़कों का निर्माण स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा कराए जाएगा, इनमें गुढ़ा नाका से चिरवाई नाका तक सड़क निर्माण के लिए आठ करोड़ 45 लाख 26 हजार 607 रुपए, हजीरा चौराहा से पड़ाव चौराहा तक सड़क निर्माण के लिए छह करोड़ 73 लाख 32 हजार 599 रुपए, कलेक्ट्रेट तिराहा से नीडम रेलवे क्रासिंग तक की सड़क के लिए आठ करोड़ दो लाख 48 हजार 201 रुपए, चंद्रवदनी नाका से नीडम रेलवे क्रासिंग तक सड़क निर्माण के लिए तीन करोड़ 34 लाख 72 हजार 332 रुपए और कलेक्ट्रेट तिराहा से अलापुर चौराहा तक सड़क निर्माण के लिए आठ करोड़ 42 लाख 60 हजार 221 रुपए के टेंडर किए थे। ये टेंडर भी मंगलवार को खोले गए। इसमें प्रत्येक रोड के लिए तीन से चार कंपनियों ने अपने आफर डाले हैं। इनकी तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा, लेकिन मानसून का मौसम होने के कारण 15 जून से सड़क निर्माण कार्य को इंडियन रोड कांग्रेस के नियम के अनुसार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण कार्यों पर आगामी अक्टूबर माह के पहले पखवाड़े तक रोक लगी रहती है, क्योंकि ग्वालियर में सितंबर माह के अंत तक बारिश होती है। इसके बाद मानसून की विदाई मानी जाती है। ऐसे में इन सड़कों का काम मानसून का सीजन समाप्त होने के बाद ही शुरू किया जाएगा। हालांकि स्मार्ट सिटी के अधिकारियों का प्रयास है कि वर्षा का सीजन शुरू होने से पहले सड़क की लेवलिंग और अन्य कार्य शुरू करा दिए जाएं।