Gwalior Sport News: दर्पण मिनी स्टेडियम का मैदान फिर होगा हरा-भरा, नौनिहालों को अब घर से नहीं लाना होगा पीने का पानी
Gwalior Sport News: खेल एवं युवा कल्याण विभाग मप्र के संचालक पवन कुमार जैन ने रविवार को दर्पण मिनी स्टेडियम का दौरा किया।
By anil.tomar
Edited By: anil.tomar
Publish Date: Mon, 08 Feb 2021 01:30:00 PM (IST)
Updated Date: Mon, 08 Feb 2021 01:30:30 PM (IST)

- अच्छी खबर: मप्र खेल विभाग के संचालक ने दर्पण मिनी स्टेडियम का किया निरीक्षण, 25 मिनट रुके
- तीन साल से पानी को तरस रहे मैदान पर तत्काल नए बोरवेल खनन के दिए आदेश
Gwalior Sport News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मप्र के संचालक पवन कुमार जैन ने रविवार को दर्पण मिनी स्टेडियम का दौरा किया। 25 मिनट के दौरे में उन्होंने तीन साल से बंद पड़े बोरवेल को तत्काल नए सिरे से दुरुस्त करने के निर्देश देकर नौनिहाल खिलाडियों को सौगात दी। वहीं भविष्य में यहां एस्ट्रोटर्फ बिछाकर सेंटर को आदर्श फीडर सेंटर के तौर पर विकसित करने का भरोसा दिलाया।
खेल संचालक जैन सुबह करीब 10.15 बजे दर्पण मिनी स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ पुलिस हाउसिंग बोर्ड (पीएचबी) के अधिकारियों सहित डीएसओ विकास खराड़कर व आशीष पांडे उपस्थित थे। खेल संचालक सबसे पहले दर्पण हॉकी फीडर सेंटर और नियमित प्रशिक्षु बालक-बालिका हॉकी खिलाड़ियों से मिले। एनआइएस कोच अविनाश भटनागर ने संचालक को सेंटर की 15 साल की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बताया कि इस सेंटर ने ग्वालियर की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी एवं विक्रम अवार्डी करिश्मा यादव सहित अन्य चार खिलाड़ियों को प्रदेश के सर्वोधा शिखर खेल अलंकरण मिल चुका है। वहीं अब तक 15 बालिकाएं महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर और 16 बालक पुरुष हाकी अकादमी भोपाल में शामिल होकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसके बाद कोच ने संचालक को बंद बोरवेल सहित अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करवाने का अनुरोध किया। संचालक ने तत्काल बंद बोरवेल का निरीक्षण कर नया खनन करने के निर्देश पीएचबी के अधिकारियों को दिए और पूछा कब तक काम पूरा हो जाएगा। अधिकारियों ने 15 दिन में पूरा करने का संचालक को भरोसा दिलाया। साथ ही संचालक ने स्टेडियम की रंगाई-पुताई, खराब पड़े लेट-बाथरूम और वाटर कूलर को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
14 साल बाद कोई संचालक पहुंचे स्टेडियम
इस दर्पण मिनी स्टेडियम पर 14 साल बाद कोई खेल संचालक (पवन जैन) दौरा करने पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार वर्ष 2007 में संचालक संजय चौधरी, खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के साथ इस सेंटर पर पहुंचे थे। इसके बाद रविवार पवन जैन पहुंचे हैं, जबकि इस बीच संजय चौधरी के बाद शैलेंद्र श्रीवास्तव, एसएल थाउजन, उपेंद्र जैन खेल संचालक रहकर जिला खेल परिसर तक पहुंचे पर दर्पण मिनी स्टेडियम तक नहीं।