ग्वालियर में 15 वर्षीय छात्रा ने छोड़ा स्कूल पर नहीं छूटा पीछा, बात न करने पर बहनों की हत्या की धमकी
आखिरकार परेशान होकर छात्रा ने स्वजन के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 12:58:55 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 12:59:22 PM (IST)
HighLights
- छेड़छाड़ से डरकर तीन माह से बंद था स्कूल जाना
- मोबाइल भिजवाकर बनाया बात करने का दबाव
- परिजनों ने की शिकायत तो उल्टा धमकाया
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के लधेड़ी इलाके में छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान 15 वर्षीय छात्रा ने पिछले तीन महीने से स्कूल जाना छोड़ दिया। आरोप है कि पिछले पांच महीने से एक युवक उसे रास्ते में रोककर परेशान कर रहा था। स्कूल आते-जाते समय वह छात्रा के साथ अभद्रता करता और अपने साथ भाग चलने का दबाव बनाता था।
इसके बावजूद जब छात्रा ने उससे बात नहीं की तो आरोपी ने उसकी बहनों की हत्या कराने की धमकी दे दी। आखिरकार परेशान होकर छात्रा ने स्वजन के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता कक्षा नौवीं की है छात्रा
पीड़िता कक्षा नौवीं की छात्रा है। उसने पुलिस को बताया कि दादी रोज उसे स्कूल छोड़ने और लेने जाती थीं। जिस दिन दादी साथ नहीं होती थीं, उस दिन लधेड़ी निवासी प्रिंस मांझी पुत्र प्रभुदयाल बाथम रास्ता रोककर अश्लील बातें करता और गले में हाथ डालकर गलत तरीके से छूने की कोशिश करता था। उसकी हरकतों से डरकर छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया।
बच्ची के हाथ भिजवाया मोबाइल, दी धमकी
पीड़िता के मुताबिक, 13 नवंबर को आरोपी ने किरायेदार की 12 वर्षीय बेटी के हाथ की-पैड मोबाइल भिजवाया। फोन पर संपर्क कर उसने रोज बात करने को कहा। बात नहीं करने पर बहनों की हत्या कराने की धमकी दी। छात्रा ने मोबाइल और सिम तोड़कर स्वजन को जानकारी दी।
पिता से शिकायत की तो उल्टा धमकाया
आरोपी ने छात्रा की बहनों को भी रास्ते में धमकाया। 19 नवंबर को छात्रा के पिता ने आरोपी के पिता प्रभुदयाल से शिकायत की, लेकिन उन्होंने बेटे को समझाने के बजाय उल्टा धमकी दी।
ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा के अनुसार, 23 नवंबर को शिकायत मिलने पर प्रिंस मांझी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।