Gwalior TMZ Phase 2: 3600 करोड़ के निवेश से जुड़ेंगे 25 बड़े उद्योग, आज होगा शुभारंभ
आज भोपाल में आयोजित इन्वेस्टर मीट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस विस्तार की शुरुआत करेंगे।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 07:50:18 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 07:54:18 AM (IST)
HighLights
- 25 कंपनियों को मिलेंगे आशय पत्र
- भूमिपूजन की नई तारीख का इंतजार
- 450 एकड़ तक बढ़ेगा जोन का दायरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर को टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। शहर में विकसित हो रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) का दायरा दूसरे चरण में लगभग 450 एकड़ तक बढ़ाने की योजना है। गुरुवार 19 नवंबर को भोपाल में आयोजित इन्वेस्टर मीट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस विस्तार की शुरुआत करेंगे।
25 कंपनियों को निवेश के लिए दिए जाएंगे आशय पत्र
आयोजन में 25 कंपनियों को निवेश के लिए आशय पत्र दिए जाएंगे। इनके माध्यम से 3600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और 15 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर बनने की संभावना जताई गई है।
कुछ असमंजस बरकरार
हालांकि, परियोजना के जमीनी स्तर पर आगे बढ़ने को लेकर अभी कुछ असमंजस भी बना हुआ है। टीएमजेड के भूमिपूजन की तारीख दो बार टल चुकी है और अब तक नई तिथि घोषित नहीं की गई है। इसके बावजूद प्रशासनिक तैयारियां जारी हैं। अधिकारी प्रस्तावित स्थल का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। ऐसे में भोपाल के आयोजन में दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा के बीच ग्वालियर में भूमिपूजन की तारीख तय होने का इंतजार बना हुआ है।
पहले चरण में 170 एकड़ पर हो रहा विकास
- ग्वालियर में टीएमजेड का पहला चरण लगभग 170 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है। इसमें ग्वालियर आईटी पार्क और साडा क्षेत्र की जमीन शामिल है।
- परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 493 करोड़ रुपये की सहायता मिली है।
- उद्योगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण और प्रमाणन केंद्र विकसित करने पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान है।
- दूसरे चरण में 450 एकड़ क्षेत्र के प्रस्तावित विस्तार से इस औद्योगिक परियोजना का दायरा और बढ़ेगा।
देश की बड़ी कंपनियां लगाएंगी उद्योग
टीएमजेड में निवेश के लिए जिन 25 कंपनियों को आशय पत्र दिए जाने हैं, उनमें डिक्सन टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी और आप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियां शामिल हैं। इनके अलावा नेटवर्किंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जे, दूरसंचार उपकरण और संबंधित उत्पाद बनाने वाली कंपनियां भी निवेश में रुचि दिखा रही हैं। टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए प्रदेश सरकार ने विशेष प्रोत्साहन घोषित किए हैं।