Gwalior Weather News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कोहरे और ठंड से राहत की उम्मीद कम है। पिछले पांच दिन से ठंड के कारण लोग परेशान हैं। शीतल दिन का शुक्रवार को छठवां दिन यानी छठी थी। इस दिन दोपहर करीब ढाई बजे पांच दिन से रूठा सूरज बादलों के बीच से कुछ समय के लिए निकला, लेकिन उससे धरती तक आईं किरणें सिर्फ धूप का अक्श (छाया जैसा) ही पैदा कर सकीं। मानो सूरज शीतल दिन की छठी में महज उपस्थिति दर्ज कराने आया हो। कुछ देर बाद सूरज फिर बादलों में छिप गया।
कड़ाके की सर्दी की परेशानी लोगों को अगले पूरे सप्ताह उठानी पड़ सकती है। दो दिन बाद आ रहा पश्चिमी विक्षोभ बारिश करा सकता है। इसलिए अगले सप्ताह भी शीतल दिन रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू का कहना है कि अगले पांच दिन कोहरा मध्यम रह सकता है। आठ जनवरी को आ रहा पश्चिमी विक्षोभ नौ और 10 जनवरी को बारिश करा सकता है। इसका असर 12 जनवरी तक रहेगा। इसके बाद चलने वाली उत्तरी-पूर्वी हवाओं से घना कोहरा बनेगा, जो 15 जनवरी तक कड़ाके की ठंड को बनाए रखेगा। हालात यह हैं कि पिछले छह दिन से ग्वालियर में धूप नहीं खिली। इस कारण पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों से लेकर अलावा का सहारा ले रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में है।
धूप न मिलने से गर्म कपड़ों और इलेक्ट्रोनिक बाजार गर्म हुआ है और लोग सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों और ठंड से राहत देने वाले उपकरणों की खरीद करने के लिए मजबूर हैं। शुक्रवार को दिन में आसमान में बादलों के बीच सूर्य की हल्की झलक देखने को तो मिली लेकिन धूप नहीं खिली। हालांकि इससे दिन के तापमान में 0.9 डिग्री बढ़ोत्तरी हुई और अधिकतम तापमान बढ़कर 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। रात में उत्तरी हवाएं चलने से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ गई। इस कारण से न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हवा में 95 फीसद नमी रही और रफ्तार सामान्य रही। कोहरा भी मध्यम रहने से दृश्यता 1500 मीटर रही।
मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का कहना है कि पहली बार दो सप्ताह लगातार शीतल दिन रहने की आशंका है। इससे पहले लगातार दो सप्ताह शीतल दिन रहने को लेकर मौसम विभाग के पास कोई रिकार्ड उपलब्ध नहीं है। पिछले सालों में न्यूनतम तापमान तो कम हुआ था, पर संभवत: ऐसा पहली बार है जबकि लगातार एक सप्ताह दिन व रात के तापमान में कम ही अंतर रहा हो। हालात यह हैं कि शीतल दिन के कारण धूप नहीं निकल रही। इससे प्रतिदिन उपयोग में आने वाले कपड़े भी नहीं सूख पा रहे हैं। घर के अंदर बुजुर्ग और बच्चों के लिए हीटर चलाना पड़ रहा है। इस कारण इस बार लोगों के घरों पर बिजली का लंबा चौड़ा बिल आने की आशंका है। सर्दी से बचने के लिए कई जगह लोग अलाव तापते भी देखे जा रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि इस वक्त हरियाणा के दक्षिण में हवाओं का चक्रवात बना हुआ है। इस कारण चल रही उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण ग्वालियर सहित चंबल अंचल में कोहरे का असर बना हुआ है। शनिवार और रविवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार है, पर आठ जनवरी को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ से बारिश की प्रबल संभावना है। बारिश थमने के बाद शीतलहर की आशंका व्यक्त की जा रही है।
कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए आज अवकाश घोषित
कड़ाके की ठंड के कारण कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह द्वारा शनिवार छह जनवरी को प्री- प्राइमरी से कक्षा पांच तक संचालित होने वाले समस्त प्रकार के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कक्षा छह से बारह तक की कक्षाएं संचालित करने वाले समस्त विद्यालय छह से 12 तक की कक्षाएं पूर्ववत संचालित करेंगे।