
Gwalior Weather News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर में गत मंगलवार को हुई वर्षा और अंचल में हुई ओलावृष्टि के बाद रात में तेज ठंड की शुरूआत हो गई है। मौसम शुष्क होने से पहाड़ों की ओर से आ रही बर्फीली उत्तरी हवाओं के कारण बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सीजन की सबसे ठंडी रात रही।
इससे पहले गत 20 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि दिन में धूप खिली रहने से लोगों को ठंड से राहत मिली, लेकिन शाम होते-होते फिर से हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। इसके बाद शनिवार को जम्मू-कश्मीर में आ रहे एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट थम जाएगी।
वर्षा का दौर गुजरने के बाद बुधवार से मौसम शुष्क हो गया है। आसमान में छाए बादल गायब हो गए हैं। इसके चलते धूप भी खिलने लगी है। गुरुवार को भी आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप खिली रही, जिससे ठंड से राहत रही। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी इजाफा हो गया।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह के समय हवा में नमी 97 और शाम को 71 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत में तेज ठंड पड़ रही है और उत्तर से ही ग्वालियर-चंबल की ओर ठंडी हवाएं आ रही हैं। इन हवाओं के असर से शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।
आने वाले पांच दिनों के अंदर जम्मू-कश्मीर में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। पहला विक्षोभ शनिवार को सक्रिय होगा, जिसके कारण आसमान में बादल छाने की संभावना है। इसके साथ ही घना कोहरा भी छा सकता है। इसके बाद आगामी 16 जनवरी से दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। यदि इसकी तीव्रता अधिक रहती है, तो शहर में फिर से हल्की वर्षा का दौर शुरू हो सकता है। इसका प्रभाव आगामी 18 जनवरी तक बना रहेगा।