ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाने के बाद अब मौसम बदलने लगा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने से 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया और सामान्य से 1.2 डिसे रहा। इससे रात में ठंड गहरा गई। सुबह के समय ठंड के कारण कंपकपी रही। अचानक आए बदलाव ने लोगों हैरान कर दिया। वहीं दिन का तापमान भी स्थिर रहा। दिन का तापमान सामान्य से 2.9 डिसे कम रहा। इससे दिन में धूप की चुभन नहीं रही। गर्मी से राहत रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं।
जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। इससे जम्मू कश्मीर में बर्फबारी हुई है। इसके गुजर जाने से जम्मू कश्मीर से बर्फीली ठंडक आना शुरू हो गई है। इस ठंडक का असर रात के मौसम पर पड़ा है। रात में जो गुलाबी ठंड थी, वह बढ़ गई। सुबह के समय कंपकपी शुरू हो गई है। सुबह 9 बजे तक लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। दोपहर में सूरज के तेवर भी तल्ख नहीं थे। काफी राहत रही।
नया पश्चिमी विक्षोभ आने पर बढ़ेगा तापमान
- जम्मू कश्मीर से नया पश्चिमी विक्षोभ गुजरने वाला है। यह दीपावली के आसपास गुजरेगा। इससे रात के तापमान में फिर से बढ़ोतरी संभावित है। दिन में ठंडक बढ़ेगी, लेकिन जब पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाएगा, तो 5 अक्टूबर से उत्तर पश्चिम हवा चलने के आसार रहेंगे। इससे तेजी से रात के तापमान में गिरावट आएगी।
- रात में कड़ाके की ठंड शुरू हो सकती है। दिसंबर आते-आते ठंड और बढ़ जाएगी। क्योंकि इस बार जम्मू कश्मीर में समय से पहले बर्फबारी हो गई है।
- नवंबर में पश्चिमी विक्षोभों का आना जारी रहेगा, जिससे पश्चिमी विक्षोभ मौसम में बदलाव लाएंगे। बादल छाएंगे, बारिश के भी आसार बनेंगे।
- पिछले साल नवंबर से पश्चिमी विक्षोभों का आना जारी है। मानसून सीजन में भी इनके आने का सिलसिला जारी रहा था। ठंड के पूरे सीजन में इनके आने की संभावना है।
अधिकतम तापमान-30.2 डिसे
न्यूनतम तापमान-15.0 डिसे