Gwalior Weather Report: बलबीर सिंह, ग्वालियर नईदुनिया। बंगाल की खाड़ी से आ रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से गुरुवार को सुबह से शहर का मौसम बदला हुआ है। सुबह बादल छाए हुए थे। इससे उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे के बाद धूप निकल आई। तेज धूप की वजह से गर्मी की चुभन बढ़ गई। मौसम विभाग ने शाम तक बारिश के आसार जताए हैं। । 24 से 26 सितंबर के बीच झमाझम बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी से एक चक्रवातीय घेरा आगे बढ़ रहा था, लेकिन उड़ीसा के ऊपर आते-आते यह कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। यह आगे बढ़ने पर मजबूत होता जा रहा है। बुधवार को प्रदेश में प्रवेश कर रहा है, जिससे बारिश में तेजी आएगी। इस कम दबाव के क्षेत्र की वजह से हवा में नमी आना शुरू हो गई है। मानसून ट्रफ लाइन भी ग्वालियर चंबल संभाग से होते हुए गुजर रही है। राजस्थान में चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। इस कारण बारिश की स्थिति मजबूत रहेगी। इस महीने 7 दिनो में दो सिस्टम सक्रिय रहने वाले हैं। जिससे अच्छी बारिश की उम्मीद है। 10 अक्टूबर के बाद ही मानसून की विदाई है।
25 को हो सकती है भारी बारिश
- मानसून ट्रफ लाइन ग्वालियर चंबल संभाग होते हुए राजस्थान के जैसलमेर तक जा रही है। इस कारण नमी आना जारी है। बंगाल की खाड़ी के कम दबाव के क्षेत्र की वजह से नमी बढ़ गई है।
- कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में आगे बढ़ेगा। जैसे-जैसे यह ग्वालियर-चंबल संभाग के नजदीक आएगा, बारिश में तेजी आएगी। 24 से 26 सितंबर के बीच तेज बारिश हो सकती है। 25 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं।
- 29 सितंबर को नया सिस्टम विकसित हो रहा है। इस सिस्टम से बारिश अक्टूबर में भी जारी रह सकती है। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में मानसून की वापसी की शुरुआत होना शुरू हो जाएगी।
- जिले में औसत बारिश 95 फीसद बारिश हो चुकी है। दो सिस्टम आ रहे हैं, इससे औसत की पूर्ति हो जाएगी।