जैविक हमलों से मुकाबले में देश की ताकत बनेगा ग्वालियर, डीआरडीई परिसर में तैयार हो रही बीएसएल-4 लैब
यहां खतरनाक वायरस और उच्च जोखिम वाले रोगजनकों पर सुरक्षित वातावरण में शोध किया जा सकेगा।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 02:48:10 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 02:48:45 PM (IST)
HighLights
- रक्षा मंत्रालय की पहली बीएसएल-4 लैब
- 140 एकड़ में विकसित हो रहा नया परिसर
- खतरनाक वायरस पर सुरक्षित माहौल में शोध
वरुण शर्मा, नईदुनिया, ग्वालियर। देश की जैविक सुरक्षा और रक्षा अनुसंधान को नई ताकत देने वाली अत्याधुनिक बीएसएल-4 (बायो सेफ्टी लेवल-4) प्रयोगशाला ग्वालियर में विकसित की जा रही है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना (डीआरडीई) के महाराजपुरा डांग परिसर में बनने वाली यह प्रयोगशाला देश की दूसरी बीएसएल-4 सुविधा और रक्षा मंत्रालय के अधीन पहली ऐसी प्रयोगशाला होगी।
यहां खतरनाक वायरस और उच्च जोखिम वाले रोगजनकों पर सुरक्षित वातावरण में शोध किया जा सकेगा। इससे जैविक हमलों से निपटने की देश की क्षमता मजबूत होगी और रक्षा क्षेत्र के लिए नई तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रपति ने 15 नवंबर 2022 को किया था शिलान्यास
इस प्रयोगशाला का शिलान्यास 15 नवंबर 2022 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्चुअल माध्यम से किया था। इसके बाद 11 नवंबर 2024 को डीआरडीओ के तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने महाराजपुरा परिसर में इसके निर्माण की शुरुआत के लिए भूमिपूजन किया। इसी अवसर पर परिसर में बायो-डिटेक्टर टेस्ट एंड इवैल्यूएशन भवन का उद्घाटन भी किया गया था। बीएसएल-4 प्रयोगशाला में अत्याधुनिक जैव सुरक्षा तकनीक और उपकरणों के माध्यम से उच्च जोखिम वाले सूक्ष्मजीवों पर अनुसंधान की सुविधा विकसित की जा रही है।
खतरनाक वायरस पर शोध और जैविक खतरों की पहचान
बीएसएल-4 देश में जैव सुरक्षा का सर्वोच्च स्तर है। इस श्रेणी की प्रयोगशालाओं में ऐसे खतरनाक रोगजनकों पर शोध किया जाता है, जिनसे गंभीर संक्रमण का खतरा होता है। यहां वैज्ञानिक विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच अनुसंधान कर सकेंगे। इसका उद्देश्य केवल संक्रामक बीमारियों का अध्ययन करना नहीं, बल्कि जैविक हमलों की स्थिति में खतरों की पहचान, उनके प्रभाव का आकलन और उनसे बचाव के उपाय विकसित करना भी है।
140 एकड़ जमीन पर विकसित हो रहा नया परिसर
डीआरडीई की महत्वपूर्ण अनुसंधान सुविधाओं को महाराजपुरा डांग में विकसित करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने 140.011 एकड़ जमीन आवंटित की थी।
रक्षा मंत्रालय ने मार्च 2022 में संसद को इसकी जानकारी दी थी। दरअसल, डीआरडीई की पुरानी प्रयोगशाला सिटी सेंटर क्षेत्र में स्थित है। उसके आसपास सुरक्षा संबंधी प्रतिबंधों और निर्माण को लेकर विवाद सामने आए थे। इसके बाद संस्थान की कुछ महत्वपूर्ण सुविधाओं को वैकल्पिक स्थान पर विकसित करने का निर्णय लिया गया।
महाराजपुरा में नए परिसर के विकास से ग्वालियर में रक्षा अनुसंधान की गतिविधियों को विस्तार मिलेगा। बीएसएल-4 लैब और बायो-डिटेक्टर जैसी सुविधाएं स्थापित होने से शहर की पहचान रक्षा और जैव सुरक्षा अनुसंधान के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में और मजबूत हो सकती है।
पुणे के बाद ग्वालियर में दूसरी सुविधा
देश की पहली बीएसएल-4 प्रयोगशाला पुणे स्थित आइसीएमआर-राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआइवी) में है। यह वर्ष 2012 से संचालित है। ग्वालियर की सुविधा की विशेषता यह होगी कि यह रक्षा मंत्रालय के अधीन विकसित की जा रही है और इसका प्रमुख उद्देश्य जैविक एवं रासायनिक खतरों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना है।