
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भितरवार की रहने वाली एक युवती के साथ ग्वालियर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका दोस्त राहुल राजावत उसे अपने साथ ले गया, तीन दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया और बाद में जबरन जयपुर भी ले गया। मामले में इंदरगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ग्वालियर के डीडी माल स्थित कपड़ों की दुकान में काम करती है। 14 जुलाई को काम पर देर से पहुंचने पर मालकिन ने उसे डांट दिया, जिसके बाद वह दुकान से बाहर आ गई। इसी दौरान नाका चंद्रवदनी निवासी उसका दोस्त राहुल राजावत उससे मिलने पहुंचा और बाइक पर बैठाकर अपने दोस्त अनिल रावत के घर ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि अनिल रावत के घर उसे तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान राहुल राजावत ने जान से मारने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। 16 जुलाई को वह उसे अपने साथ जयपुर भी ले गया।
युवती के घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर उसकी मां ने इंदरगंज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसकी जानकारी मिलने के बाद राहुल राजावत और अनिल रावत युवती को वापस ग्वालियर लेकर आए और इंदरगंज थाने के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना बताई।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में UCC लागू होने पर क्या-क्या बदलेगा,अब किस पर कौन से नियम होंगे लागू? आसान भाषा में समझें
पीड़िता की शिकायत के आधार पर इंदरगंज थाना पुलिस ने राहुल राजावत और उसके दोस्त अनिल रावत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अनिल रावत ने भी उसे धमकाया था। पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश कर रही है।