बहू की बीमारी ने बनाया चोर... कर्ज में डूबी ग्वालियर की महिला ने आगरा से उड़ाए 25 लाख के गहने
आरोपी महिला तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन से पांच किलोमीटर की दूर स्थित उसके घर के निकट तक 200 सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग को खंगाला।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 11:05:50 AM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 11:06:29 AM (IST)
HighLights
- महिला को पुलिस ने ग्वालियर से किया गिरफ्तार
- 200 CCTV कैमरों से पकड़ी गई आरोपी
- 25 लाख रुपये के जेवरात बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर/आगरा। सुल्तानपुरा बाजार में सर्राफ की दुकान से 15 लाख के जेवरात चोरी करने की वारदात ग्वालियर की महिला शकीला ने की थी। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन से पांच किलोमीटर की दूर स्थित उसके घर के निकट तक 200 सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग को खंगाला।
25 लाख के जेवरात बरामद
आरोपी महिला के मोहल्ले तक पहुंचने के बाद उसका फोटो दिखाकर पहचान के बाद पकड़ लिया गया। महिला से 25 लाख के जेवरात बरामद किए हैं। जो अन्य दुकानों से चोरी किए बताए गए हैं।
अरोपी महिला शकीला पुलिस को बताया, कुछ वर्ष पहले बहू की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसके उपचार में जमा पूंजी खर्च हो गई और नाती-नातिन की जिम्मेदारी उस पर आ गई थी। कुछ महीने पहले एक दुकान से जेवरात चोरी करने पर नहीं पकड़ी जाने पर उसने दोबारा वारदात की।
आरोपी महिला ने दुकान से बाहर निकलने के बाद पहन लिया नकाब
आगरा सदर के सुल्तानपुरा बाजार में 31 अक्टूबर को सर्राफ सौरभ अग्रवाल की दुकान पर ग्राहक बनकर आई महिला 15 लाख रुपये की सोने की चूड़ियां चोरी कर ले गई थी।
आरोपी महिला ने दुकान से बाहर निकलने के बाद नकाब पहन लिया। इसके बाद वह कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची और ग्वालियर की ट्रेन में सवार हो गई।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से कैंट रेलवे स्टेशन तक पहुंची। आरोपी शकीला ट्रेन से रास्ते में नहीं उतरी। ग्वालियर पर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह भीड़ में गुम हो गई थी।
पुलिस टीम ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला
अपर पुलिस उपायुक्त नगर मनोज ने बताया कि पुलिस टीम ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। उनकी मदद से करीब पांच किलोमीटर तक पीछा कर पुलिस आरोपित शकीला के मोहल्ले तक पहुंची। वहां उसका फोटो दिखाने पर लोगों ने उसका नाम बताया। आरोपी शकीला के घर से सर्राफ के यहां से चोरी की गई सोने की चूड़ियों समेत 25 लाख के जेवरात बरामद किए गए हैं। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि महिला से बरामद बाकी जेवरात उसने अन्य दुकानों से चोरी किए थे।