ग्वालियर के घाटीगांव में 67.2 मिमी झमाझम बारिश, लबालब हुआ तिघरा डैम; 24 घंटे में फिर बारिश के आसार
ग्वालियर मौसम समाचार: मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा अपडेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्नदाब का क्षेत्र आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ के ऊपर आ गया है। साथ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 10:14:13 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 10:14:47 PM (IST)
तिघरा डैम के गेटों से निकलता पानी। फाइल फोटोHighLights
- घाटीगांव में सबसे अधिक बारिश, तिघरा के गेट खुले
- 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
- औसत बारिश से अब भी 22 मिमी पीछे ग्वालियर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर सहित अंचल में वर्षा का सिस्टम सक्रिय है। इसकी वजह से रात में तो 1.5 मिमी वर्षा हुई, लेकिन दिन में तेज धूप निकली और पानी की बूंद भी नहीं गिरी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आगामी 24 घंटे में अंचल में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है, इसके बाद भी हल्की से मध्यम वर्षा होगी। पिछले 24 घंटे में जिले में सर्वाधिक वर्षा घाटीगांव क्षेत्र में 67.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। सबसे कम वर्षा ग्वालियर शहर में ही हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा अपडेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्नदाब का क्षेत्र आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ के ऊपर आ गया है। साथ ही राजस्थान से शुरू हुई ट्रफ लाइन भोपाल के ऊपर से होते हुए निम्नदाब क्षेत्र के केंद्र से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में इन सिस्टमों के प्रभाव से अंचल में वर्षा हो रही है और आगामी दिनों में भारी वर्षा तो नहीं, लेकिन हल्की से मध्यम वर्षा होती रहेगी।
सबसे अधिक वर्षा घाटीगांव में, इसलिए खुले तिघरा डैम के गेट
अंचल में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 67.2 मिमी घाटीगांव क्षेत्र में हुई। ऐसे में यहां का पानी तिघरा डैम के कैचमेंट एरिया में पहुंचा। इस वजह से डैम के तीन गेट शुक्रवार शाम को खोले गए और अतिरिक्त पानी को निकाला गया। हालांकि जिले के अन्य क्षेत्रों में कम वर्षा ही रिकार्ड की गई।
भितरवार में 5.2 मिमी, चीनोर में 3.4 मिमी, डबरा में 2.3 मिमी, ग्वालियर में 1.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। जिले में अभी तक 729.2 मिमी वर्षा हुई है। यह वर्षा अभी भी जिले के औसत 751.2 मिमी से 22 मिमी कम है। वहीं ग्वालियर शहर में अभी तक 634 मिमी वर्षा हुई है।
पारे की चाल
- अधिकतम तापमान-32.7 डिसे
- न्यूनतम तापमान-26.0 डिसे
- 05:30-26.4 डिसे
- 08:30-27.6 डिसे
- 11:30-31.0 डिसे
- 14:30-32.2 डिसे
- 17:30-31.6 डिसे