ग्वालियर में सीवर व्यवस्था सुधरेगी, 132.68 करोड़ की निविदा को MIC की मंजूरी
एमआईसी बैठक में द्वारका नगरी योजना के दूसरे चरण में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की पांच क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण की दरों और वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी गई।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 02:23:50 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 02:24:21 PM (IST)
HighLights
- अमृत 2.0 योजना से मजबूत होगी सीवर लाइन
- पांच क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण को हरी झंडी
- कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि को मंजूरी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर की सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमृत 2.0 के तहत 132.68 करोड़ रुपये की निविदा आमंत्रित करने को मेयर इन काउंसिल (एमआइसी) ने मंजूरी दे दी है।
बुधवार को बाल भवन में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में चिरवाई नाका से पुरासानी तक सड़क निर्माण सहित शहर विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
एमआईसी में वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी गई
बैठक में द्वारका नगरी योजना के दूसरे चरण में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की पांच क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण की दरों और वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी गई। इसके अलावा छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि और मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना 2026-27 के स्वीकृत कार्यों के नगर निगम द्वारा संधारण को भी हरी झंडी दी गई।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, प्रेमलता जैन, संध्या कुशवाह, मोनिका शर्मा, विनोद यादव माठू, शकील मंसूरी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इन सड़कों के संधारण को मिली मंजूरी
- तानसेन नगर एलआईसी पुलिया-रमटापुरा (4.82 करोड़)
- लधेड़ी सती बिहार-जलालपुर चौराहा (3.50 करोड़)
- नहर वाले हनुमान-प्रभात राय मूर्तिकार (4.70 करोड़)
- बाबा कपूर से रामजानकी का बाड़ा व बिजलीघर तक (40.88 लाख)
- हथियापुर रोड मुख्य सड़क (1.23 करोड़)