
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। GRP नैरोगेज थाने की टीम ने सोमवार को एक शातिर चोर को पकड़कर करीब 8.26 लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया है। वह प्लेटफॉर्म पर ही घूमता रहता था, जैसे ही ट्रेन आकर रुकती, वह ट्रेन के कोच में घुस जाता था और सीट पर सो रहे यात्रियों का बैग लेकर फरार हो जाता था। उसके पास से बरामद सामान में लैपटॉप, आईपैड और कीमती मोबाइल तक शामिल हैं। GRP थाना पुलिस ने इसी साल उसे जेल भेजा था, लेकिन जेल से छूटकर वह फिर चोरी करने लगा।
GRP SP अंकित जायसवाल ने बताया कि त्योहार के चलते ट्रेनों में काफी भीड़ है। थाना प्रभारी दिलीप समाधिया और उनकी टीम को सभी ट्रेनों से लेकर रेलवे स्टेशन पर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्लेटफॉर्म-4 पर GRP की टीम गश्त कर रही थी, तभी ट्रेन से उतरे एक युवक ने फोर्स को देखकर दौड़ लगा दी। टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक पुत्र रघुवीर मौर्य निवासी गौतम नगर, थाटीपुर बताया। पूछताछ में उसने ट्रेनों में चोरी करना स्वीकार किया है। GRP टीम जब उसे लेकर उसके घर पहुंची तो उसके कमरे में खाली बैगों का जखीरा मिला। यह देखकर पड़ोसी भी दंग रह गए।
पुलिस जांच में दो बड़ी चोरियों का खुलासा हुआ है। पहली घटना 22 अक्टूबर की है। फरियादी दीपक शर्मा निवासी ग्वालियर GT एक्सप्रेस से झांसी से ग्वालियर आए थे। स्टेशन पर ट्रेन से उतरने की हड़बड़ी में उनका बैग चोरी हो गया था। यह बैग दीपक मौर्य ने ही चोरी किया था।
दूसरी घटना 25 अक्टूबर की है। फरियादी विशाखा शशिकांत फुलझेले निवासी नागपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह नागपुर से नई दिल्ली के लिए GT एक्सप्रेस से जा रही थीं, उनका बैग चोरी हो गया था। उनका बैग लेकर भी आरोपी ही कोच से उतरता हुआ नजर आया था।
आरोपी के पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है।
- 32 खाली बैग एवं दो लगेज बैग
- 1 लेनोवो कंपनी का लैपटॉप
- 4 मोबाइल फोन
- 1 एप्पल कंपनी का टैबलेट (आईपैड)
- 1 डेल कंपनी का मॉनिटर
पुलिस का कहना है कि आरोपी त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाता था। GRP ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अन्य चोरियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
शातिर चोर को पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है। ग्वालियर की दो चोरियां खुली हैं, लेकिन उसके पास से काफी खाली बैग बरामद हुए हैं। उसने कई चोरियां की हैं। आसपास के थानों को भी सूचित किया है। चोर को पकड़ने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
-राजाबाबू सिंह, स्पेशल डीजी, रेल