नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। करीब 350 युवकों को फर्जी शैक्षणिक डिग्रियां उपलब्ध कराने वाले अंतरराज्यीय रैकेट की ग्वालियर से जुड़ी प्रमुख कड़ी माने जा रहे मनीष मांझी की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। यह गिरोह पांच से आठ लाख रुपये लेकर बीए से लेकर एमडी तक की फर्जी डिग्रियां उपलब्ध कराता था।
पूछताछ में मनीष ने कई जानकारियां उगली
राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने मनीष को गुरुवार को ग्वालियर के एक निजी अस्पताल से हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसने नेटवर्क के काम करने के तरीके और इसमें शामिल लोगों से जुड़ी कई जानकारियां दी हैं। राजस्थान पुलिस अब इनकी तस्दीक कर रही है। मामले में अब तक चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
इस रैकेट का सबसे गंभीर पहलू यह है कि गिरोह केवल फर्जी डिग्री और मार्कशीट तैयार करने तक सीमित नहीं था, बल्कि कथित तौर पर दस्तावेजों को विश्वविद्यालयों के आनलाइन रिकॉर्ड में भी सही दिखाने की व्यवस्था करता था। इससे डिग्री का आनलाइन सत्यापन कराने पर भी उसके फर्जी होने का पता लगाना मुश्किल हो सकता था। इस राजफाश ने विश्वविद्यालयों की सत्यापन प्रक्रिया, मेडिकल काउंसिल में पंजीयन और निजी अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी सही दिखते थे फर्जी दस्तावेज
आमतौर पर किसी डाक्टर या अन्य पेशेवर की शैक्षणिक योग्यता की पुष्टि के लिए संबंधित विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध रिकॉर्ड को महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। लेकिन एसओजी की जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य फर्जी डिग्री तैयार करने के बाद उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर भी अपलोड करवा देते थे। ऐसे में सामान्य आनलाइन सत्यापन में दस्तावेज सही दिखाई देने की आशंका थी। गिरोह संबंधित विश्वविद्यालय की डिग्री के प्रारूप, विवरण और अन्य जानकारियों की नकल कर दस्तावेज तैयार करता था। इन्हें इस तरह बनाया जाता था कि पहली नजर में असली और आधिकारिक नजर आएं। इसके बाद इन दस्तावेजों को ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज दिखाने की व्यवस्था की जाती थी। इस तरीके से फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी या पेशेवर योग्यता हासिल करने का रास्ता आसान हो सकता था। हालांकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में सेंध लगाने की इस कार्यप्रणाली और संबंधित विश्वविद्यालयों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
ऑनलाइन सत्यापन पर निर्भर नहीं रहने की सलाह
मामले के राजफाश के बाद राजस्थान एसओजी ने विश्वविद्यालयों, मेडिकल कालेजों और संबंधित नियामक संस्थाओं को डिग्रियों के सत्यापन की प्रक्रिया मजबूत करने की सलाह दी है। एजेंसी का मानना है कि केवल विश्वविद्यालय की वेबसाइट या ई-मेल से मिली जानकारी के आधार पर किसी डिग्री को सही नहीं मानना चाहिए। संबंधित विश्वविद्यालय से स्वतंत्र और सीधे माध्यम से पुष्टि की जानी चाहिए। डिग्री जारी होने का मूल रिकॉर्ड, नामांकन संख्या, परीक्षा परिणाम और संबंधित पाठ्यक्रम की मान्यता जैसे पहलुओं का मिलान भी जरूरी है।
यह सवाल भी उठा
इस मामले ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि जब ऑनलाइन रिकार्ड में ही कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज सही दिखाए जा सकते हैं तो मेडिकल काउंसिल में पंजीयन और अस्पतालों में नियुक्ति के दौरान वास्तविक योग्यता की पुष्टि किस तरह की जाती है। क्या संस्थान केवल आनलाइन उपलब्ध जानकारी के आधार पर पंजीयन और नियुक्तियां कर रहे हैं या विश्वविद्यालय से स्वतंत्र सत्यापन भी कराया जाता है, इसकी पड़ताल जरूरी हो गई है।
फर्जी डिग्री से इलाज करने वालों की पहचान सबसे बड़ी चुनौती
इस रैकेट का सबसे चिंताजनक पहलू चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा है। यदि किसी व्यक्ति ने फर्जी एमबीबीएस या एमडी डिग्री के आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराया और अस्पतालों में डाक्टर के रूप में काम किया है तो यह सीधे मरीजों की जान और स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है। ऐसे लोगों की पहचान करना जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती होगी। केवल गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी से इस पूरे नेटवर्क का राजफाश नहीं होगा, बल्कि उन लोगों तक भी पहुंचना होगा जिन्होंने कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्र खरीदकर उनका इस्तेमाल किया।
यहां भी जांच जरूरी
मध्य प्रदेश में भी संदिग्ध मेडिकल पंजीयन और निजी अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्तियों की जांच महत्वपूर्ण हो जाती है। इसके लिए मेडिकल काउंसिल के पंजीयन रिकॉर्ड, चिकित्सकों की डिग्री और विश्वविद्यालयों से जारी मूल दस्तावेजों का मिलान करना होगा। गिरोह के राजफाश के बाद फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी या पेशेवर योग्यता हासिल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना है।
व्यापमं के बाद फिर फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों को लेकर चर्चा में अंचल
ग्वालियर-चंबल अंचल व्यापमं घोटाले के कारण पहले भी देशभर में चर्चा में रहा है। अब फर्जी डिग्रियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क में ग्वालियर की भूमिका सामने आने से एक बार फिर शैक्षणिक दस्तावेजों की विश्वसनीयता और सत्यापन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मनीष के स्वजन उसकी गतिविधियों से अनभिज्ञता जता रहे हैं। उनका कहना है कि वह कंप्यूटर पर काम करता था। अब एसओजी की जांच में यह सामने आना बाकी है कि इस नेटवर्क का वास्तविक विस्तार कितना बड़ा है और फर्जी डिग्री के सहारे कितने लोग विभिन्न संस्थानों में नौकरी या पेशेवर सेवाएं दे रहे हैं।
ग्वालियर में तैयार होते थे दस्तावेज, अलग-अलग शहरों से चलाते थे नेटवर्क
एसओजी की जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। इसके सदस्य अलग-अलग शहरों में रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभाते थे। वे कथित तौर पर कभी आमने-सामने नहीं मिले और ऑनलाइन माध्यम से ही एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। ग्वालियर के मनीष मांझी पर फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करने की जिम्मेदारी होने का आरोप है। इसके बाद तैयार दस्तावेज नेटवर्क के दूसरे सदस्यों तक पहुंचाए जाते थे, जहां से आगे की प्रक्रिया पूरी होती थी।
मनीष की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान एसओजी को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, दस्तावेजों की आपूर्ति और अलग-अलग राज्यों में इनके इस्तेमाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने किन-किन विश्वविद्यालयों के नाम पर डिग्रियां तैयार कीं और अब तक कितने लोगों ने इनका इस्तेमाल किया है।