ग्वालियर में रास्ते के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष: चले लाठी-कुल्हाड़ी और गोलियां, आधा दर्जन घायल; क्रास केस दर्ज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 10:49:15 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 10:50:09 AM (IST)
HighLights
- रास्ते से वाहन निकालने को लेकर हुआ विवाद
- लाठी-कुल्हाड़ी के साथ चलीं गोलियां, 6 घायल
- हस्तिनापुर पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की FIR
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणपतपुरा गांव में सोमवार रात करीब नौ बजे रास्ते से वाहन पहले निकालने की मामूली सी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से कुल्हाड़ी, लाठियां चलीं और एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग भी कर दी। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चारा लेकर लौट रहे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला
एक पक्ष के केशव जाटव के अनुसार, वह सोमवार रात अपनी बाइक पर भैंसों के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। पप्पू बघेल के घर के सामने आकाश गुर्जर ने अपना ट्रैक्टर सड़क पर आड़ा खड़ा कर रखा था। जब उसने रास्ता देने के लिए ट्रैक्टर हटाने को कहा, तो आकाश ने जातिगत गालियां देते हुए कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके बाद आकाश के साथी विकास गुर्जर, दिलीप, जितेंद्र, लायकराम, हरेंद्र, श्याम और आदित्य गुर्जर लाठियां लेकर आ गए और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान हरेंद्र ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। हस्तिनापुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों और दी गई शिकायतों के आधार पर क्रास मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे पक्ष ने बाइक अड़ाकर हमले का लगाया आरोप
वहीं दूसरे पक्ष के आकाश गुर्जर ने आरोपों को नकारते हुए बताया कि वह रात को खेत जोतकर ट्रैक्टर से लौट रहा था। केशव जाटव ने जानबूझकर रास्ते में अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। जब उसने बाइक हटाने को कहा तो केशव ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इसके बाद केशव के पक्ष से ब्रजेश जाटव, दीपक, रामौतार, भगवान सिंह, कैलाश, अमर, बदन सिंह, नीरज और होतम जाटव लाठी-डंडे लेकर आ पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।