शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, सिर को छूकर निकली गोली, युवक बाल-बाल बचा
फायरिंग करने वाले आरोपी यहां से भाग निकले। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:30:59 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:31:21 AM (IST)
पनिहार की घटना में बाल-बाल बचे रमेश सिंह परिहार।HighLights
- खाना खाते वक्त युवकों ने किया फायर
- छर्रा लगने से युवक घायल, उपचार जारी
- एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शादियां शुरू होते ही हर्ष फायरिंग की घटनाएं फिर होने लगीं। पनिहार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। एक गोली यहां मौजूद युवक के सिर को छूते हुए निकली। गोली लगने से वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग करने वाले आरोपी यहां से भाग निकले। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना बताती है कि हर्ष फायर रोकने के दावे सिर्फ फाइलों तक ही सीमित हैं। ग्वालियर पुलिस हर्ष फायरिंग रोकने में नाकाम है। पिछली बार भी शादियों में गोलीबारी की घटनाएं जमकर हुईं, इसमें गोली लगने से लोग घायल भी हुए। अब शादी के मौसम में पहले दिन ही हर्ष फायर से एक युवक की जान आफत में पड़ गई।
रात करीब 12.30 की घटना
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिंटो पार्क स्थित शिव कॉलोनी जड़ेरूआ में रहने वाले 36 वर्षीय रमेश सिंह परिहार 21 नवंबर को रात में करीब 10 बजे मथा गांव गया था।
यहां महिंद्रा शोरूम के पास में शादी समारोह में वह शामिल होने के लिए गया था। रात करीब 12.30 बजे वह खाना खा रहा था। तभी पास में बैठे तीन युवक फायर करने लगे। यह लोग कट्टे से फायर कर रहे थे। एक गोली रमेश सिंह परिहार के सिर के पास से निकली।
एक छर्रा उसे लगा, जिससे खून निकलने लगा। इसके बाद गोली लगने की खबर फैली। तुरंत रमेश को अस्पताल ले जाया गया। यहां ड्रेसिंग के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।