
ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भोपाल के केतन चावला, इंदौर के महेंद्र चौहान, तथ्य सचदेव और ग्वालियर के हर्षित तलूजा ने उम्दा प्रदशर्न कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मप्र स्नूकर एसोसिएशन के तत्वावधान में एवं ग्वालियर जिला बिलियर्ड्स एवं स्नूकर एसोसिएशन की मेजबानी में जीवाजी क्लब में खेली जा रही मप्र स्टेट जूनियर/ सीनियर बिलियर्ड्स व स्नूकर चैंपियनशिप के अंतर्गत रविवार को सीनियर बिलियर्ड्स के मुकाबले खेले गए। भोपाल के शीर्ष वरीयता प्राप्त केतन चावला ने क्वार्टर फाइनल में इंदौर के डा.राजेन्द्र को 2-0 से एकतरफा हराया। केतन ने पहला फ्रेम 104-05 के बड़े अंतर से हराया, जबकि उन्होंने दूसरा फ्रेम 104-16 से जीता। अन्य क्वार्टर फाइनल में इंदौर के महेंद्र चौहान ने ग्वालियर के राहुल अग्रवाल को 101-38,104-91 से, इंदौर के तथ्य सचदेव ने ग्वालियर के नितिन अग्रवाल को 101-82, 91-102, 101-88 और ग्वालियर के हर्षित तलूजा ने अपने ही शहर के सुधीर पटेरिया को 101-50, 100-30 से शिकस्त दी।
जिला स्तरीय योग चयन स्पर्धा प्रतियोगिता सेः शिवपुरी लिंक रोड स्थित लिटिल एंजेल्स हाई स्कूल में सोमवार से जिला स्तरीय योग चयन प्रतियोगिता शुरू हुई। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में बालक-बालिका मिनी, सब-जूनियर, जूनियर एवं महिला-पुरुष सीनियर वर्ग में मुकाबले होंगे। ग्वालियर जिला योग संघ के अध्यक्ष सत्यमोहन चौबे के मुताबिक प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मृर्गाखी डेका के मुख्य आतिथ्य में सुबह 9 बजे हुआ। टीम और एकल पद्धति में होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रवेश निश्शुल्क है। एसकेवी, डीपीएस, भारतीयम, ग्रीनवुड, रेडिएंट, आक्सफोर्ड, एयर फोर्स और केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-तीन, वीनस पब्लिक स्कूल, पद्मा, रामश्री, किडीज कार्नर, आर्मी पब्लिक स्कूल, जिला खेल परिसर आदि से करीब 350 खिलाड़ियों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। प्रदर्शन के आधार पर ग्वालियर जिले की टीम का चयन भी किया जाएगा, जो आगामी माह में यहां होने वाली राज्यस्तरीय योग चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
मप्र फुटबाल एसो. की कार्यकारिणी में शिववीर को मिला स्थानः मध्यप्रदेश फुटबाल एसोसिएशन की रविवार को वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) जबलपुर में हुई। एजीएम में प्रदेश में फुटबाल के विकास पर चर्चा हुई और नवीन कार्यकारिणी के चुनाव भी संपन्न हुए। जिसमें कोचर को अध्यक्ष और अमित देव रंजन को सर्वसम्मति से पुन: सचिव चुना गया। साथ ही कार्यकारिणी में शिववीर सिंह भदौरिया को भी शामिल किया गया। एजीएम में शिववीर के अलावा अंचल के मुरैना से मकसूद खान और रामचंद्र तोमर ने भी भाग लिया। शिववीर को सदस्य बनाए जाने पर ग्वालियर डिस्टि्रक्ट फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक पाण्डेय, कोच विनय कदम, कोषाध्यक्ष गजेंद्र तिवारी, प्रधुम्न, राजवर्धन, राजेंद्र पाल, नवीन शुक्ला, राहुल यादव, अंकुश शर्मा व चंबल क्रीड़ा परिषद के सचिव ज्योतिराज भदौरिया आदि ने खुशी जाहिर की है।