ग्वालियर में पानी मांगने के बहाने घर में घुसा युवक, नाबालिग से की अश्लील हरकत
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को शिवपुरी जिले के भितरवार से गिरफ्तार कर लिया।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 01:13:55 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 01:26:32 PM (IST)
HighLights
- मां के पड़ोस में जाते ही कमरे में पहुंचा आरोपी
- बच्ची के चिल्लाने पर भाई-बहन आए तो भागा
- पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। घर में अकेली 12 वर्षीय बच्ची को देखकर परिचित युवक ने गलत नीयत से उसके साथ अश्लील हरकत की। आरोपी पानी मांगने के बहाने घर में पहुंचा और फिर बाथरूम जाने की बात कहकर कमरे में चला गया। वहां उसने बच्ची को पीछे से पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। बच्ची के चिल्लाने पर उसके भाई-बहन मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपित भाग निकला।
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपित को शिवपुरी जिले के भितरवार से गिरफ्तार कर लिया।
25 नवंबर को बच्ची अपनी मां के साथ थाने पहुंची
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को बच्ची अपनी मां के साथ थाने पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि घटना के समय उसकी मां कुछ देर के लिए पड़ोस में गई हुई थी।
इसी दौरान परिचित अरविंद रावत पानी मांगने के बहाने घर आया। इसके बाद बाथरूम जाने की बात कहकर कमरे में पहुंचा और उसके साथ अश्लील हरकत की। बच्ची की आवाज सुनकर भाई-बहन वहां पहुंचे तो आरोपित भाग गया।
पुलिस ने अरविंद रावत पुत्र राजबहादुर निवासी ग्राम आंदर, करैरा जिला शिवपुरी को भितरवार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75(2) पाक्सो अधिनियम की धारा 7/8 और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।