साध्वी से छेड़छाड़ करने वाला सिरफिरा गिरफ्तार: महिलाओं के बनाता था अश्लील वीडियो, पीड़िता ने दर्ज कराई FIR
साध्वी के साथ योगेश ने छेड़छाड़ की थी। वह दहशत में थीं, क्योंकि यह बार-बार दबाव डाल रहा था कि दोस्ती करनी पड़ेगी।
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 10:27:50 PM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 10:28:20 PM (IST)
HighLights
- रास्ता रोककर हाथ पकड़ा और दी धमकी
- यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
- आरोपी के मोबाइल में मिले 40 से अधिक वीडियो
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महिलाओं से दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाने वाले सिरफिरे योगेश गुप्ता के खिलाफ शिवपुरी की रहने वालीं साध्वी ने एफआईआर दर्ज कराई है। जब यह पकड़ा गया तब इसकी जानकारी उन्हें लगी। फिर एफआईआर करने की हिम्मत जुटा सकीं। साध्वी के साथ योगेश ने छेड़छाड़ की थी। वह दहशत में थीं, क्योंकि यह बार-बार दबाव डाल रहा था कि दोस्ती करनी पड़ेगी।
उसके कारण अपने मंदिर से बाहर निकलने में भी डरती थीं। जब वह पकड़ा गया तो उनका डर कम हुआ और वह शिकायत करने आगे आईं। तब उनकी शिकायत पर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की है।
शिवपुरी की रहने वाली है साध्वी
साध्वी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से शिवपुरी की रहने वालीं हैं। जबकि वर्तमान में ग्वालियर के ही एक मंदिर में पीठाधीश्वर हैं। वह 10 अगस्त को अपनी स्कूटी से खरीदारी करने बाजार आई थीं। मुरार से जब वह जा रही थीं, तब उनका रास्ता योगेश गुप्ता ने रोक लिया। उनके साथ छेड़छाड़ की। जबरन हाथ पकड़ा और धमकाने लगा कि दोस्ती तो करनी पड़ेगी। वह लगातार परेशान करता रहा। उसकी हरकतों से दहशत में आ गईं। साध्वी की शिकायत पर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
ऐसे पकड़ा गया था योगेश
एक महिला ने सनातन सेना के सदस्यों से शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद इन लोगों ने योगेश गुप्ता को पकड़ लिया था। उसका मोबाइल जब्त किया था। मोबाइल में 40 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले थे। उसने कई महिलाओं से दोस्ती की, फिर शारीरिक संबंध बनाये और अश्लील वीडियो रिकार्ड किए।
मोबाइल जब्त, साइबर फोरेंसिक लैब में होगी जांच
पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है। उसके मोबाइल की साइबर फोरेंसिक लैब में जांच कराई जाएगी। महिलाओं से भी महिला पुलिस अधिकारी बात करेंगी कि आखिर किस परिस्थिति में यह वीडियो बने हैँ।
शिवपुरी की रहने वाली साध्वी की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की गई है। आरोपित हिरासत में है। मोबाइल की भी जांच कराई जाएगी। - रवि भदौरिया एसपी, यूनिवर्सिटी